शुक्रवार (15 मार्च) को सदी के महानायक 81 वर्षीय अमिताभ बच्चन से जुड़ी एक ऐसी खबर सामने आई, जिसने उनके तमाम फैंस को चिंता में डाल दिया। रिपोर्ट में बताया गया था कि अमिताभ के पैर में कुछ क्लॉट थे। इस पर उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती करवाया गया और फिर उनकी एंजियोप्लास्टी हुई। यह बात झूठी निकली क्योंकि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। खुद अमिताभ ने यह खुलासा किया है।
दरअसल शुक्रवार शाम अमिताभ बेटे अभिषेक बच्चन के साथ टी10 टूर्नामेंट इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (ISPL) का मैच देखने पहुंचे। इस दौरान बिग बी ने उनकी खराब सेहत की खबरों पर विराम लगा दिया। अमिताभ का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उनसे उनकी हेल्थ के बारे में पूछा जाता है। इस पर वे कहते हैं कि फेक न्यूज है। इसके बाद वे मुस्कुराते हुए इवेंट से चले जाते हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो को देख फैंस खुश हो गए और उन्होंने राहत की सांस ली।
वहां अमिताभ के साथ सचिन तेंदुलकर भी नजर आए। अमिताभ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर कई फोटो शेयर की हैं। इसमें अमिताभ के साथ सचिन और अभिषेक हैं। अमिताभ ने कैप्शन में लिखा, “क्रिकेट के बारे में महान सचिन तेंदुलकर के पास जो ज्ञान का भंडार है, उससे काफी प्रभावित हूं। ISPL के फाइनल के दौरान उनके साथ कीमती समय बिताया।”
अब ‘कल्कि 2898 AD’ में दीपिका और प्रभास के साथ दिखेंगे अमिताभबता दें कि दोपहर में खबरें आनी शुरू हुई थी जिनमें कहा गया कि अमिताभ नियमित जांच के लिए कोकिलाबेन अस्पताल गए थे। अन्य खबरों में कहा गया कि उन्हें एंजियोप्लास्टी (अवरुद्ध धमनियों और रक्त वाहिकाओं को खोलने के लिए एक प्रक्रिया) के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, ताकि उनके पैर में ब्लॉकेज को दूर किया जा सके।
कुछ खबरों में यह भी बताया गया कि अवरुद्ध धमनी के लिए उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी, लेकिन इन सभी खबरों को अमिताभ ने फर्जी बताया है। अभी तक यह समझ नहीं आया है कि आखिर क्यों और किस तरह से इन खबरों को हवा मिली? अमिताभ के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो पिछली बार वे ‘गणपथ’ फिल्म में दिखे थे। फिल्म पिछले साल अक्टूबर में रिलीज हुई थी। इसमें टाइगर श्रॉफ और कृति सेनन लीड रोल में थे।
ये फिल्म फ्लॉप हो गई थी। अमिताभ की अगली फिल्म ‘कल्कि 2898 AD’ है, जो 9 मई को रिलीज होने वाली है। इसमें प्रभास और दीपिका पादुकोण लीड रोल में हैं। इसके अलावा अमिताभ साउथ इंडियन सुपरस्टार रजनीकांत के साथ 'थलाइवर170' और रणबीर कपूर संग 'ब्रह्मास्त्र पार्ट 2 देव' में भी नजर आएंगे।