2 News : अमिताभ ने मां की बर्थ एनिवर्सरी पर शेयर की पोस्ट, KBC 17 में करोड़पति बनने से चूकीं कशिश, यह था सवाल

फैंस से सदी के महानायक का दर्जा हासिल कर चुके अमिताभ बच्चन (82) अपने चाहने वालों से कभी दूर नहीं रह सकते। ऐसे में वे बड़े और छोटे पर्दे पर तो अपने काम के जरिये लगातार छाए रहते ही हैं, साथ ही सोशल मीडिया पर भी उनकी बराबर एक्टिवनेस दिखती है। बिग बी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार कुछ न कुछ शेयर करते हैं, जिससे उनकी भावनाएं जाहिर होती हैं और वो सबका ध्यान खींच लेती है। बहरहाल अमिताभ ने बुधवार (13 अगस्त) को अपनी मां दिवंगत तेजी बच्चन को याद करते हुए एक तस्वीर पोस्ट की है। अमिताभ ने एक्स (ट्विटर) पर मां की तस्वीर के साथ लिखा, “दुनिया की सबसे खूबसूरत मां।”

इसी के साथ अभिनेता ने इसके कैप्शन में लिखा, “मां को नमन; आपका आशीर्वाद सदा बना रहे हम पर।” बता दें अमिताभ की मां जानी-मानी सिंगर और थिएटर आर्टिस्ट थीं। वह दिल्ली और इलाहाबाद में कई ग्रुप्स के साथ परफॉर्मेंस करती रही थीं। इससे पहले अमिताभ ने अपने ब्लॉग में माता-पिता के द्वारा दिए गए 'संस्कारों' के लिए आभार जताया था। अमिताभ ने लिखा था, “हिंदू परंपरा में 'संस्कार' का मतलब होता है, वो खास रीति-रिवाज और विधियां, जो इंसान के जीवन में अलग-अलग मौकों पर की जाती हैं।

इनका मकसद इंसान के शरीर, मन और सोच को शुद्ध करना और उनके अच्छे चरित्र और व्यक्तित्व को बनाना होता है। संस्कार एक तरीका है जिससे हमारे सांस्कृतिक मूल्य, परंपराएं और विश्वास एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचते हैं। इससे समाज में एकता बनी रहती है और हमारी परंपराएं आगे बढ़ती रहती हैं। हमारे जीवन में, खासकर बचपन के दिनों में, मां और बाबूजी ने हमेशा संस्कारों को बहुत महत्व दिया। यह एक सुंदर गुण है, जो हमारे अंदर बचपन से डाला गया। संस्कार हमारे लिए सबसे बड़ी दौलत है, जो हमें हमारे बुजुर्गों और पीढ़ियों से सीख के रूप में मिली है।

हम सब इन संस्कारों को बहुत संभालकर रखते हैं, जैसे यह कोई कीमती तोहफा हो।” बता दें अमिताभ की मां तेजी बच्चन का जन्म 12 अगस्त 1914 को फैसलाबाद (पाकिस्तान) में हुआ था। उनका 21 दिसंबर 2007 को निधन हो गया। अमिताभ के पिता कवि हरिवंश राय बच्चन ने साल 2003 में 95 साल की उम्र में दुनिया से विदाई ले ली थी। अमिताभ हमेशा अपने माता-पिता को याद करते नजर आते हैं।
‘कौन बनेगा करोड़पति’ में जीती हुई रकम से अपने पिता का कर्ज चुकाएंगी कशिश सिंघल

क्विज बेस्ड रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 17वां सीजन 11 अगस्त से सोनी टीवी पर शुरू हो चुका है। इसे एक बार फिर से अमिताभ बच्चन होस्ट कर रहे हैं। शो में बुधवार (13 अगस्त) को टेलीकास्ट हुए एपिसोड में हॉट सीट पर दिल्ली की रहने वाली 21 वर्षीय कशिश सिंघल शामिल हुईं। वह अपने ज्ञान की बदौलत 50 लाख रुपए जीतने में सफल रहीं। कशिश ने 14वें सवाल पर लाइफ लाइन यूज करते हुए 50 लाख की धन राशि जीत ली थी।

इसके बाद 15वां सवाल 1 करोड़ के लिए पूछा गया, जिसका कशिश जवाब नहीं दे पाईं। इसके लिए कशिश ने संकेत सूचक लाइफलाइन की मदद ली थी, लेकिन यह भी काम नहीं आई। सवाल था कि विसीगोथ के किस राजा ने शहर से घेराबंदी हटाने के लिए प्राचीन रोम से फिरौती के रूप में काली मिर्च की मांग की थी जिसका रोम, भारत से व्यापार करता था। इसके ऑप्शन थे लूडोविक, एमेरिक, अलारिक और थियोडोरिक। सही जवाब था एमेरिक। कशिश भले ही इस मंच पर करोड़पति नहीं बन पाईं, लेकिन उन्होंने इतने पैसे जीत लिए, जिससे वो अपने पिता के कर्ज को चुका सकती हैं।

कशिश ने अमिताभ से कहा कि उनके पिता को किसी कारण अपनी दुकान बेचनी पड़ी थी और उनके सिर पर लाखों का कर्ज था। वो इस शो में इतने पैसे जीतना चाहती हैं, जिससे वो ये कर्ज चुका पाएं और यहां आकर उनकी ये इच्छा पूरी हो गई। केबीसी में पैसे जीतने के बाद उन्होंने अमिताभ के सामने अपने पापा से वीडियो कॉल पर बात करते हुए उन्हें ये गुड न्यूज दी।