अमिताभ बच्चन के पड़ोसी का वायरल वीडियो, शहंशाह से रखी दिल छू लेने वाली फरमाइश, हर रविवार दिखता है खास कनेक्शन

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन पिछले करीब 55 वर्षों से हिंदी सिनेमा की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाए हुए हैं। फिल्मों में लगातार सक्रिय रहने के साथ-साथ वह टीवी के सबसे लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति की मेजबानी भी बखूबी निभा रहे हैं। 83 वर्ष की उम्र में भी उनका जोश और ऊर्जा युवाओं को प्रेरित करती है। काम के साथ-साथ बिग बी अपने प्रशंसकों के लिए भी समय निकालना नहीं भूलते। हर रविवार वह अपने मुंबई स्थित आवास ‘जलसा’ के बाहर आकर फैंस का अभिवादन करते हैं। यह परंपरा सालों से जारी है और उनके चाहने वालों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें खुद को अमिताभ बच्चन का पड़ोसी बताने वाला शख्स शहंशाह से एक खास गुजारिश करता नजर आ रहा है।

पड़ोसी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

इंस्टाग्राम पर निर्मित जेसरानी नाम के व्यक्ति ने यह वीडियो शेयर किया है। वीडियो के साथ उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ अपने अनोखे रिश्ते का जिक्र करते हुए बताया कि वह मेगास्टार के पड़ोसी हैं। निर्मित का दावा है कि वह कई बार बिग बी के हर संडे वाले वीडियो में भी नजर आ चुके हैं। इस बार उन्होंने अमिताभ बच्चन का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह हर रविवार फैंस के साथ-साथ आसपास मौजूद लोगों को भी नजरअंदाज नहीं करते और उन्हें हाथ हिलाकर अभिवादन करते हैं। साथ ही निर्मित ने बिग बी से मुलाकात की इच्छा भी जाहिर की है।

संडे दर्शन के वीडियो में पहले भी दिख चुके हैं निर्मित

निर्मित जेसरानी को अमिताभ बच्चन के संडे दर्शन वाले कई वीडियोज में देखा जा चुका है। ताजा वायरल वीडियो में भी बिग बी जलसा के बाहर उमड़े फैंस का अभिवादन करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान कैमरा उनके पीछे खड़े एक शख्स पर फोकस करता है, जिसकी बिल्डिंग अमिताभ बच्चन के घर से सटी हुई है। वीडियो में निर्मित अपने घर की बालकनी या परिसर से बिग बी को देखते दिखाई देते हैं। वीडियो शेयर करते हुए वह सवाल करते हैं, “इन वीडियोज में अमिताभ जी के पीछे खड़ा यह शख्स कौन है?” इसके बाद खुद ही जवाब देते हैं, “यह मैं हूं, निर्मित जेसरानी।”

निर्मित का अमिताभ बच्चन के नाम भावुक संदेश

वीडियो में निर्मित ने अमिताभ बच्चन की सादगी, विनम्रता और अपनापन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “अमिताभ बच्चन सर, मैं आपका पड़ोसी हूं और बस आपको यह बताना चाहता हूं कि हम आपके बेहद आभारी हैं। हर रविवार जब आप अपने फैंस का अभिवादन करते हैं, उसके बाद हमें देखकर हाथ हिलाते हैं और हमारी मौजूदगी को स्वीकार करते हैं। आपका यह व्यवहार और प्यार शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। सर, अगर कभी आपसे मिलने का मौका मिल जाए, तो यह मेरे लिए सम्मान की बात होगी।”

वीडियो पर यूजर्स की मजेदार प्रतिक्रियाएं

निर्मित के इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी दिल खोलकर प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने लिखा, “मैं अक्सर बिग बी की एक झलक पाने के लिए उनके जुहू वाले बंगले के बाहर खड़ा रहता हूं, यह जानकर अच्छा लगा कि आप उनके पड़ोसी हैं।” वहीं, दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “कभी चीनी मांगने चले जाइए, पड़ोसियों से ऐसे ही मुलाकात होती है।” एक अन्य कमेंट में लिखा गया, “रिश्ते में हम आपके भी पड़ोसी लगते हैं।” इस तरह के ढेरों कमेंट्स के साथ यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।