जब भाग्यश्री को अभिषेक-सैफ ने उठा कर रंगों वाले पूल में फेंका, झेलनी पड़ी थी पति हिमालय की नाराजगी

होली पर जब मस्ती फूल मूड में होती है तो कई बार ऐसे किस्से हो जाते हैं, जो जाने अनजाने या तो मुश्किल का कारण बन जाते हैं या फिर जिनको याद कर हंसी ही आती है। ऐसा ही एक किस्सा मैंने प्यार किया की एक्ट्रेस भाग्यश्री के साथ हुआ था। एक बार अमिताभ बच्चन की होली पार्टी में उनके साथ कुछ ऐसा हो गया था, जिस वजह से एक्ट्रेस को कई दिनों तक अपने पति हिमालय की नाराजगी झेलनी पड़ी थी।

यह तो हम जानते है कि बॉलीवुड की होली पार्टी बड़ी धूमधाम से होती है। एक समय था जब सदी के महानायक अमिताभ बच्चन अपने जूहु वाले बंगले पर होली पार्टी रखा करते थे। अमिताभ खुद इस पार्टी को होस्ट करते थे, वहीं सभी मेहमानों का स्वागत करते थे। अमिताभ बच्चन की होली पार्टी का एक ट्रेंड हुआ करता था, जिसके तहत जो भी पार्टी में आता था, पहले उसे रंगों वाले पानी के बड़े से टब में डुबोया जाता था। हालांकि अमिताभ के यहां तो ये पार्टी होनी बंद हो गई, लेकिन पार्टी में होने वाले किस्से अब लोग याद कर रहे हैं।

दरअसल, भाग्यश्री को होली का त्योहार खास पसंद नहीं है। लेकिन एक बार वो अमिताभ बच्चन के यहां पार्टी में पहुंच गईं और फिर जो हुआ वो उनके पति हिमालय को आज भी याद है। भाग्यश्री के पति हिमालय ने एक रिएलिटी शो स्मार्ट जोड़ी में ये किस्सा सुनाया था। उन्होंने कहा था- 'भाग्यश्री अक्सर ही होली पर अपने आप को कमरे बंद कर लेती थीं और मुझे बाहर भेज देती थीं। एक बार अमिताभ बच्चन ने उन्हें अपनी होली पार्टी में बुलाया। भाग्यश्री उन्हें मना नहीं कर पाईं और उनकी पार्टी में चली गईं। ' हिमालय ने कहा- 'जब हम पार्टी में पहुंचे तब अभिषेक बच्चन और सैफ अली खान दौड़ते हुए हमारे पास आए। उन्होंने आकर भाग्यश्री को गोद में उठा लिया और रंगों वाले पूल में फेंक दिया। मैं उस वक्त भाग्यश्री से बहुत नाराज हुआ था। क्योंकि ऐसे वो होली नहीं खेलतीं, वो मेरे साथ भी होली नहीं खेलतीं, लेकिन वहां उन्होंने खेली।'

हालांकि इसके कुछ समय बाद हिमालय ने भाग्यश्री को माफ कर दिया था। भाग्यश्री ने हिमालय को प्रॉमिस किया था कि अगले साल वो उनके साथ भी होली खेलेंगी।