26 साल बाद बदले लुक में नजर आए अमन वर्मा, प्रीति जिंटा के साथ काम कर चुके एक्टर को पहचानना हुआ मुश्किल

छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक अपनी खास पहचान बना चुके अमन वर्मा अब काफी बदल चुके हैं। एक समय में हर घर का जाना-पहचाना चेहरा रहे अमन, अब काफी समय से स्क्रीन से दूर हैं, लेकिन उनकी हाल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर लोगों को चौंका रही हैं।

अमन वर्मा ने मनोरंजन जगत में टीवी धारावाहिकों, रियलिटी शोज और फिल्मों के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में अनुपम कपाड़िया का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुए अमन ने इंडियन आइडल के पहले सीजन को भी होस्ट किया था।
लुक में आया हैरान कर देने वाला बदलाव

हाल ही में इंस्टाग्राम पर अमन वर्मा की एक नई तस्वीर सामने आई, जिसमें वह शर्टलेस दिखाई दिए। पहले की तुलना में उनका लुक काफी बदल गया है। उनकी बॉडी अब पहले जैसी टोन्ड नहीं दिखती और सफेद दाढ़ी व ग्रे बालों के साथ चेहरे का वह पुराना चार्म अब नजर नहीं आता। फैंस के लिए उन्हें पहचान पाना भी मुश्किल हो रहा है।

एक समय पर बॉलीवुड में भी चमके थे अमन

टीवी पर अपनी मजबूत पकड़ बनाने के बाद अमन वर्मा ने बॉलीवुड में भी कई बड़ी फिल्मों में काम किया। ‘बागबान’ में वह अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी के बेटे के रोल में नजर आए थे, जो उनके करियर का एक बड़ा मुकाम माना जाता है। इसके अलावा ‘संघर्ष’, ‘बाबुल’, ‘अंदाज’ और ‘वाह! लाइफ हो तो ऐसी’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अपनी एक्टिंग से पहचान बनाई।

अब जब फैंस उनकी बदली हुई तस्वीरें देख रहे हैं, तो एक ओर उन्हें यादों में ले जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर यह बदलाव कई लोगों को भावुक भी कर रहा है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कमेंट कर लिखा, कभी संघर्ष में कितना क्यूट था, अब पहचानना मुश्किल है, तो किसी ने लिखा, वक्त किसी को नहीं बख्शता।