‘पुष्पा 2’ की अभूतपूर्व सफलता के बाद सुपरस्टार अल्लू अर्जुन अब निर्देशक एटली के साथ मिलकर एक और भव्य और ऐतिहासिक फिल्म करने जा रहे हैं, जिसका टेंटेटिव टाइटल AA22 x A6 है। इस फिल्म को लेकर पहले से ही जबरदस्त बज बना हुआ है, और अब सामने आई खबर ने फैंस की उत्सुकता को चरम पर पहुंचा दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म में अल्लू अर्जुन एक, दो नहीं बल्कि चार अलग-अलग किरदारों में नजर आएंगे—दादा, पिता और दो बेटे।
अब तक भारतीय सिनेमा में एक मात्र संजीव कुमार ऐसे अभिनेता रहे हैं जिन्होंने एक ही फिल्म नया दिन नई रात में नौ प्रकार की भूमिका एक साथ निभाई थी। वैसे हिन्दी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में कई अभिनेताओं ने दोहरी और तिहरी भूमिका की हैं। दादा, पिता और पुत्र के रूप में अभिनेता मेहमूद ने हमजोली नामक फिल्म में तिहरी भूमिका को बेहतरीन तरीके से परदे पर उतारा था, जिसमें उन्होंने न सिर्फ चेहरे के भावों को बल्कि अपनी उम्र के अनुसार दी गई भूमिका को अपनी आवाज से जीवंत किया था।
एक साथ पूरे परिवार की भूमिका निभाएंगे अल्लू अर्जुनसूत्रों के अनुसार, फिल्म में अल्लू अर्जुन पूरे एक परिवार का चेहरा बनेंगे। वह दादा, पिता और उनके दो बेटों का किरदार निभाते नजर आएंगे। यानी यह फिल्म उनकी पहली मल्टीपल रोल वाली फिल्म होगी जिसमें वे एक क्वाड्रपल रोल निभा रहे हैं। यह भारतीय सिनेमा में भी एक नया और साहसिक प्रयोग माना जा रहा है, जो दर्शकों के लिए निश्चित रूप से एक ट्रीट बनने वाला है।
एटली पहले चाहते थे अलग कास्ट, पर अल्लू ने किया आग्रह
सूत्रों के मुताबिक, शुरू में एटली की योजना थी कि अल्लू अर्जुन को केवल डबल रोल में लिया जाए और दादा व पिता के किरदारों के लिए अलग कलाकारों को लिया जाए। लेकिन खुद अल्लू अर्जुन ने चारों भूमिकाएं निभाने की इच्छा जताई। पहले एटली थोड़ा हिचकिचाए, लेकिन जब लुक टेस्ट किया गया तो परिणाम शानदार निकले और उन्होंने अल्लू की बात मान ली।
फिल्म की स्टारकास्ट और मेगा विज़नइस बहुप्रतीक्षित फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण, रश्मिका मंदाना, जान्हवी कपूर और मृणाल ठाकुर जैसे सितारे भी नजर आएंगे। एटली इस फिल्म को वैश्विक स्तर का सिनेमा बनाना चाहते हैं, जिसमें ग्राफिक्स, इमोशन्स और स्केल का अभूतपूर्व संगम देखने को मिलेगा। ‘AA22 x A6’ को एक एपिक फैमिली ड्रामा बताया जा रहा है, जिसमें एक ही परिवार के चार पीढ़ियों की कहानी होगी।
दर्शकों के लिए एक टिकट में चार अल्लू अर्जुन!चार अलग किरदारों में अल्लू अर्जुन को एक साथ देखना उनके फैंस के लिए एक अनोखा अनुभव होगा। रिपोर्ट्स की मानें तो हर किरदार के लिए उन्होंने अलग लुक और स्टाइल अपनाया है। यह न केवल उनकी एक्टिंग रेंज को साबित करेगा, बल्कि सिनेमा प्रेमियों के लिए भी यह ‘वन टिकट – फोर अर्जुन्स’ का अद्भुत अनुभव बन जाएगा।