साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन (42) इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'पुष्पा 2 : द रूल' को लेकर लाइमलाइट में हैं। सुकुमार के डायरेक्शन में बनी फिल्म 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अल्लू और फिल्म की पूरी टीम जबरदस्त तरीके से इसके प्रमोशन में जुटी हुई है। अल्लू ने इसी सिलसिले में एक इंवेट के दौरान बताया कि उन्होंने हिंदी फिल्में नहीं करने का फैसला क्यों किया था। अल्लू ने 'पुष्पा : द राइज' के लिए नेशनल अवार्ड जीतने वाले म्यूजिक डायरेक्टर देवी श्री प्रसाद को लेकर कहा कि हम दोनों चेन्नई से हैं।
मैं उनसे कहता था कि मेरे लिए हिंदी फिल्म करना बहुत मुश्किल है, लेकिन एक म्यूजिक डायरेक्टर के तौर पर उनके लिए हिंदी फिल्म करना आसान है। मैंने उनसे पूछा कि वो हिंदी फिल्में क्यों नहीं करते तो उन्होंने जवाब दिया कि नहीं, और फिर उन्होंने मुझसे कहा कि आप एक हिंदी फिल्म क्यों नहीं करते और आपके साथ-साथ मैं भी एक हिंदी फिल्म करूंगा। लेकिन मैंने कहा कि मैं कभी हिंदी फिल्म नहीं करूंगा क्योंकि उस समय एक हिंदी फिल्म करना बेहद मुश्किल था।
हिंदी फिल्म करना बहुत बड़ी और दूर की बात थी। हो सकता है कि हम अपनी जिंदगी में एक या दो हिंदी फिल्में करें। उस सोच से इस मुकाम तक आना और यहां खड़ा होना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। हम दोनों ने नेशनल अवार्ड जीते और एक नेशनल सुपरहिट एल्बम दिया उसी फिल्म के लिए। ये हमारे लिए अब तक की सबसे कीमती चीज है।
मैंने पिछले 3-4 साल में बेटी को ढंग से किस नहीं किया है : अल्लू अर्जुनअल्लू ने कहा कि मैं आशा कर रहा हूं कि जितना प्यार ‘पुष्पा’ को मिला है, उतना ही प्यार ‘पुष्पा 2’ को मिले। अल्लू ने इस दौरान बताया कि वो चाहते थे कि ‘पुष्पा 2’ की शूटिंग जल्द से जल्द खत्म हो जाए ताकि वो क्लीन शेव कर सकें। फिल्म के लिए उन्हें अपनी दाढ़ी बढ़ानी पड़ी और इस वजह से उनकी बेटी उनके पास नहीं आती थी।
अल्लू ने कहा कि मैं फिल्म के खत्म होने का इंतजार कर रहा था ताकि मैं क्लीन शेव कर सकूं क्योंकि मेरी बेटी मेरे पास नहीं आती थी और मैं उसे किस नहीं कर पाता था क्योंकि मेरी दाढ़ी थी। मैंने पिछले तीन से चार साल में उसे ढंग से किस नहीं किया है। अल्लू ने साल 2011 में स्नेहा रेड्डी के साथ शादी की थी। उनके 8 साल की बेटी अल्लू अरहा हैं। फिल्म में अल्लू के साथ रश्मिका मंदाना हैं।
बता दें रश्मिका ने हाल ही गोवा में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में हिस्सा लिया था। यहां उनसे पूछा गया कि 'पुष्पा 1' के लिए अल्लू को नेशनल अवार्ड मिला था, तो क्या 'पुष्पा 2' से उनके लिए नेशनल अवार्ड की उम्मीद की जा सकती है? रश्मिका ने जवाब में फिंगर्स क्रॉस करते हुए कहा, “ओह, उम्मीद है।”