SIIMA Awards 2025 : अल्लू और रश्मिका ने मारी बाजी, देखें पूरी लिस्ट, इस दिन रिलीज होगा ‘जॉली एलएलबी 3’ का ट्रेलर

दुबई में शुक्रवार (5 सितंबर) रात साउथ इंडियन इंटरनेशनल मूवी अवार्ड्स (SIIMA) का आयोजन हुआ। इस ग्रैंड इवेंट में तेलुगु, कन्नड़, तमिल और मलयालम सिनेमा के सितारों ने चार चांद लगा दिए। इस दौरान साउथ सिनेमा के कई स्टार्स को सम्मानित किया गया। इसमें पिछले साल रिलीज हुई सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा 2 : द रूल’ ने धमाल मचा दिया। फिल्म के लिए अल्लू को बेस्ट एक्टर का अवार्ड मिला। अल्लू ने अवार्ड के साथ अपनी तस्वीर शेयर कर फैंस के साथ-साथ उन लोगों को धन्यवाद कहा है, जो इस सफर में उनके साथ खड़े रहे और उन पर भरोसा जताकर उन्हें काम दिया। अल्लू ने लगातार तीसरी बार यह अवार्ड जीता है। आईए अब देखते हैं और किन-किन को पुरस्कार मिला :-

बेस्ट एक्ट्रेस : रश्मिका मंदाना (पुष्पा 2)
बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर : देवी श्री प्रसाद (पुष्पा 2)
बेस्ट एक्टर नेगेटिव रोल : कमल हासन (कल्कि 2898 एडी)
बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर : अमिताभ बच्चन (कल्कि 2898 एडी)
बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस : अन्ना बेन (कल्कि 2898 एडी)
बेस्ट डायरेक्टर (क्रिटिक्स) - प्रशांत वर्मा (हनु-मान)
बेस्ट एक्टर (क्रिटिक्स) - तेजा सज्जा (हनु-मान)
बेस्ट एक्ट्रेस (क्रिटिक्स) - मीनाक्षी चौधरी (लकी भास्कर)
बेस्ट लिरिक्स राइटर - रामजोगय्या शास्त्री (देवरा)
बेस्ट प्लेबैक सिंगर - शिल्पा राव (‘चुट्टमल्ले’, देवरा)
बेस्ट सिनेमैटोग्राफर- रत्नवेलु (देवरा)
बेस्ट कॉमेडियन - सत्या (मट्टू वदलारा 2)
बेस्ट डेब्यू एक्ट्रेस : भाग्यश्री बोरसे (मिस्टर बच्चन)
बेस्ट डेब्यू प्रोड्यूसर - निहारिका कोनिडेला (कमिटी कुर्रोल्लु)
अक्षय कुमार और अरशद वारसी की मूवी ‘जॉली एलएलबी 3’ के लिए फैंस में है जबरदस्त क्रेज

बॉलीवुड की पॉपुलर कोर्टरूम कॉमेडी-ड्रामा फ्रेंचाइज़ी ‘जॉली एलएलबी’ के तीसरे पार्ट के लिए फैंस बेकरार हुए जा रहे हैं। वे बेसब्री से इस फिल्म के रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं। इस बार अक्षय कुमार और अरशद वारसी दोनों एक साथ ‘जॉली’ के किरदार में नजर आने वाले हैं। हाल ही में फिल्म से जुड़ा एक मजेदार वीडियो सामने आया था, जिसमें दोनों इस बात पर बहस कर रहे थे कि ट्रेलर का लॉन्च इवेंट कानपुर में हो या मेरठ में। अब आखिरकार इस बहस का नतीजा सामने आ गया है।

नए वीडियो में अक्षय और अरशद कोर्टरूम में इस मुद्दे पर भिड़ते दिखे। यहां जज की भूमिका निभा रहे एक्टर सौरभ शुक्ला ने फैसला सुनाया कि ट्रेलर लॉन्च दोनों ही शहरों में किया जाएगा। पहले मेरठ में और उसके बाद कानपुर में। फिल्म 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं, मेकर्स ने ऐलान किया है कि इसका ट्रेलर रिलीज डेट से 9 दिन पहले यानी 10 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा।

बता दें पहला पार्ट ‘जॉली एलएलबी’ साल 2013 में रिलीज हुआ था। 12 करोड़ रुपए के बजट पर बनी इस फिल्म ने 32.43 करोड़ रुपए की कमाई की थी और इसे हिट करार दिया गया था। दूसरा पार्ट ‘जॉली एलएलबी 2’ साल 2017 में आया। इस फिल्म का बजट 30 करोड़ रुपए था और इसने 117 करोड़ रुपए का शानदार बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया।