साल 2022 में रिलीज़ हुई आलिया भट्ट स्टारर फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ ने दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों का दिल जीत लिया था। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी इस फिल्म की हर जगह तारीफ हुई और आलिया की अदाकारी को बेहद सराहा गया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आलिया भट्ट इस फिल्म की पहली पसंद नहीं थीं?
रानी मुखर्जी थी मेकर्स की पहली पसंदजब फिल्म के लिए कास्टिंग की चर्चा चल रही थी, तो खबरें आई थीं कि मेकर्स रानी मुखर्जी को लीड रोल में लेना चाहते थे। इस बात की पुष्टि अब भंसाली के असिस्टेंट डायरेक्टर रहे आदित्य नारायण ने कर दी है। उन्होंने एक टीवी इवेंट में खुलासा किया कि फिल्म के लिए रानी मुखर्जी ही मेकर्स की पहली प्राथमिकता थीं।
आदित्य नारायण ने किया खुलासाआदित्य ने याद किया कि कैसे उन्होंने शापित फिल्म की असफलता के बाद लंबे समय तक कोई काम नहीं किया। उन्होंने बताया, “मेरे पास उस समय कोई और काम नहीं था, इसलिए मैंने संजय लीला भंसाली के साथ काम करने का निर्णय लिया। बचपन से ही मुझे संगीत और वीडियो बनाने का शौक था, इसलिए यह अवसर मेरे लिए सीखने का सही मौका था।”
आदित्य ने आगे कहा, “सोनू निगम ने मुझे सुझाव दिया कि भंसाली के साथ काम करने पर विचार करना चाहिए। मैंने यह इच्छा जताई और भंसाली ने मुझे अपने ऑफिस बुलाया। पहले हफ्ते में मुझे कोई काम नहीं मिला क्योंकि उन्हें लगता था कि मैं जल्द ही हार मान जाऊंगा। लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने मुझे काम देना शुरू किया।”
रानी मुखर्जी के साथ बात नहीं बन पाईआदित्य ने बताया, “उस समय भंसाली के पास दो स्क्रिप्ट्स थीं – ‘राम-लीला’ और ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’। मुझे लगता है कि उस समय वे रानी मुखर्जी को लेकर गंगूबाई बनाने पर विचार कर रहे थे। उन्होंने हमें दोनों स्क्रिप्ट दीं और पूछा कि कौन सी बेहतर है। मुझे व्यक्तिगत रूप से राम-लीला ज़्यादा पसंद थी।”
लेकिन अंततः रानी मुखर्जी के साथ डील नहीं बन पाई, और मेकर्स ने आलिया भट्ट को कास्ट करने का निर्णय लिया। और ऐसा हुआ कि आलिया ने फिल्म में अपनी दमदार अदाकारी से सभी का दिल जीत लिया।