आलिया भट्ट की 'अल्फा' पर मंडे का असर, चौथे दिन बॉक्स ऑफिस पर आई बड़ी गिरावट; फिर भी दो फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़े

आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अभिनीत फिल्म 'अल्फा' ने रिलीज के पहले वीकेंड में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करते हुए बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की। सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं और आलोचनाओं के बावजूद शुरुआती तीन दिनों में इसकी कमाई ने ट्रेड एक्सपर्ट्स को चौंका दिया। हालांकि अब असली परीक्षा मानी जाने वाली सोमवार की कमाई के आंकड़े सामने आ गए हैं, जिनसे पता चलता है कि फिल्म की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। बावजूद इसके, चौथे दिन भी फिल्म ने दो हालिया फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ने में सफलता हासिल की।

चौथे दिन कितनी रही कमाई?

वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल-लीड फिल्म 'अल्फा' इस साल की चर्चित फिल्मों में शामिल रही। रिलीज के बाद इसे समीक्षकों से मिश्रित से लेकर औसत रिव्यू मिले, लेकिन इसका शुरुआती बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन अपेक्षा से बेहतर रहा। फिल्म ने पहले दिन 9.25 करोड़ रुपये की ओपनिंग की। हालांकि यह वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की अब तक की सबसे कम ओपनिंग करने वाली फिल्म साबित हुई।

इसके बाद शनिवार को फिल्म ने रफ्तार पकड़ी और दूसरे दिन 11.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। रविवार को दर्शकों की अच्छी मौजूदगी के चलते कमाई बढ़कर 13.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। लेकिन सोमवार को वर्किंग डे का असर साफ दिखाई दिया।

सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, रिलीज के चौथे दिन यानी सोमवार को 'अल्फा' ने 3.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का भारत में चार दिनों का कुल नेट कलेक्शन 37.85 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
चौथे दिन भी दो फिल्मों को छोड़ा पीछे

हालांकि सोमवार को फिल्म की कमाई में बड़ी गिरावट दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद 'अल्फा' ने बॉक्स ऑफिस पर दो फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया। फिल्म ने अगस्त्य नंदा की 'इक्कीस' के 36.25 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन और अनन्या पांडे की 'चांद मेरा दिल' के 31.14 करोड़ रुपये के कुल कारोबार को पार कर लिया है।

अब फिल्म की नजर 'कृष्णावतारम' के 39.18 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ने पर है। अगर मंगलवार को फिल्म स्थिर प्रदर्शन करती है, तो यह आंकड़ा भी पार कर सकती है।

क्या बजट निकाल पाएगी 'अल्फा'?

रिपोर्ट्स के अनुसार, 'अल्फा' का निर्माण लगभग 150 करोड़ रुपये के बजट में किया गया है। ऐसे में चार दिनों में 37.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन फिल्म के लिए संतोषजनक नहीं माना जा रहा। अभी तक फिल्म अपने कुल बजट का आधा हिस्सा भी नहीं निकाल पाई है।

आने वाले दिनों में यदि फिल्म की कमाई में दोबारा उछाल नहीं आता, तो इसके लिए लागत निकालना मुश्किल हो सकता है। ट्रेड विश्लेषकों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि वीकडेज़ में फिल्म कितनी मजबूती से टिक पाती है और दूसरे वीकेंड में इसे कितना फायदा मिलता है।

दमदार स्टारकास्ट के साथ रिलीज हुई है फिल्म

'अल्फा' का निर्देशन शिव रवैल ने किया है और यह वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म है। फिल्म में आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, अनिल कपूर और बॉबी देओल प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं। इसके अलावा फिल्म में ऋतिक रोशन का कैमियो भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर पाती है या नहीं।