लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले के दौरान मैदान के साथ-साथ दर्शक दीर्घा भी सितारों से गुलजार नजर आई। मैच का रोमांच देखने के लिए बॉलीवुड और खेल जगत की कई चर्चित हस्तियां स्टेडियम पहुंचीं। इन सेलेब्रिटीज की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। अभिनेता सैफ अली खान अपने बेटे तैमूर अली खान के साथ मैच का आनंद लेते दिखाई दिए, जबकि अक्षय कुमार का नया व्हाइट बीयर्ड लुक सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बन गया। पूरे मुकाबले के दौरान अक्षय का ध्यान खेल पर केंद्रित रहा, लेकिन कैमरों की नजरें उनके बदले हुए अंदाज पर टिकी रहीं।
अक्षय कुमार का नया लुक बना आकर्षण का केंद्रमैच के दौरान अक्षय कुमार बेहद सादगी भरे अंदाज में नजर आए। उन्होंने सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी, लेकिन उनके कपड़ों से ज्यादा लोगों का ध्यान उनकी सफेद दाढ़ी वाले नए लुक ने खींचा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में अभिनेता का यह बदला हुआ अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
स्टेडियम में बैठे अक्षय पूरे जोश के साथ भारतीय टीम का समर्थन करते दिखाई दिए। उन्होंने अपने लुक को काले रंग के सनग्लासेस के साथ पूरा किया, जिसने उनकी पर्सनैलिटी को और अलग अंदाज दिया। इसी मुकाबले से जुड़ी एक अन्य तस्वीर भी चर्चा में है, जिसमें अभिनेत्री और कंटेंट क्रिएटर साहिबा बाली अभिनेता अर्जुन कपूर के साथ स्टैंड्स में नजर आ रही हैं।
सैफ और तैमूर की कैमिस्ट्री ने जीता फैंस का दिललॉर्ड्स स्टेडियम में सैफ अली खान और तैमूर अली खान की मौजूदगी भी लोगों का ध्यान खींचने में सफल रही। सैफ ने इस मौके पर हल्के नीले रंग की शर्ट के ऊपर ऑलिव ग्रीन ब्लेजर पहना था, जिसे उन्होंने स्ट्राइप्ड टाई और पीले पॉकेट स्क्वायर के साथ स्टाइल किया। वहीं तैमूर हल्के नीले रंग की शर्ट में बेहद क्यूट नजर आए।
जिस सेक्शन में सैफ और तैमूर बैठे थे, वहीं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उनकी पत्नी साक्षी धोनी भी मौजूद थे। स्टेडियम से सामने आए कई वीडियो में दोनों परिवारों को एक साथ मैच का आनंद लेते हुए देखा गया। पिता और बेटे की बॉन्डिंग ने सोशल मीडिया पर फैंस का दिल जीत लिया और लोग उनकी सादगी की भी जमकर तारीफ करते नजर आए।
कृति सेनन और कबीर बहिया भी साथ आए नजरभारत और इंग्लैंड के इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले में अभिनेत्री कृति सेनन भी कबीर बहिया के साथ स्टैंड्स में दिखाई दीं। हाल के दिनों में दोनों के रिश्ते को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं सामने आई थीं और उनके अलग होने की अटकलें भी लगाई जा रही थीं। ऐसे में लॉर्ड्स स्टेडियम से दोनों की एक साथ सामने आई तस्वीरों ने इन चर्चाओं को फिर से हवा दे दी है।
हालांकि, कृति सेनन और कबीर बहिया ने अब तक अपने रिश्ते को लेकर चल रही किसी भी अटकल पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। बावजूद इसके, मैच के दौरान दोनों की मौजूदगी और साथ में दिखाई देना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। क्रिकेट के रोमांच के साथ-साथ स्टेडियम में मौजूद इन बॉलीवुड सितारों की झलकियां भी पूरे दिन इंटरनेट पर छाई रहीं।