अक्षय कुमार की फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ इसी शुक्रवार को रिलीज हुई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 3 दिन में ही 50 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया। फैंस ने इसके लिए उत्साह दिखाया है। इससे अक्षय को भी कुछ राहत मिली होगी, जिनकी कई फिल्मों ने कुछ सालों में बढ़िया प्रदर्शन नहीं किया। बहरहाल अक्षय किसी दूसरे कारण से खबरों में छा गए हैं। दरअसल अक्षय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसे देख भ्रम फैल रहा है। अब अक्षय ने इसकी सच्चाई बताते हुए साफ किया कि यह वीडियो उनका नहीं है और एआई के जरिए भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।
अक्षय ने महर्षि वाल्मीकि की भूमिका में उनका छेड़छाड़ किया गया वीडियो इंटरनेट पर सामने आने के बाद सार्वजनिक रूप से एआई के दुरुपयोग की कड़ी आलोचना की है। अक्षय ने आज मंगलवार (23 सितंबर) को एक पोस्ट के जरिए इस तरह के एआई-निर्मित वीडियो के प्रसार पर अपनी चिंता जताई। उनके अनुसार कुछ मीडिया संस्थानों ने बिना जांच-पड़ताल के इन फर्जी वीडियो को समाचार की तरह पेश किया, जो चिंता का विषय है।
अक्षय ने कहा, “मुझे हाल ही में कुछ ऐसे वीडियो मिले हैं, जिनमें मुझे महर्षि वाल्मीकि की भूमिका में दिखाया गया है, लेकिन मैं साफ करना चाहता हूं कि ये सभी वीडियो फर्जी हैं और AI के जरिए बनाए गए हैं।” उन्होंने मीडिया और जनता दोनों से डिजिटल सामग्री को लेकर अधिक जिम्मेदारी और सतर्कता बरतने की अपील की। अक्षय ने अपने फैंस को भी आगाह किया कि वे AI से बनाए गए हेरफेर वाले वीडियो न बनाएं और न ही उन्हें साझा करें, क्योंकि इस तरह की भ्रामक सामग्री तेजी से फैलती है और गलतफहमी पैदा करती है। उन्होंने विशेष रूप से मीडिया को सतर्क रहने और किसी भी सूचना की पुष्टि किए बिना उसे रिपोर्ट न करने का अनुरोध किया।
विक्की कौशल और कैटरीना कैफ ने पोस्ट शेयर कर दी खुशखबरी, फैंस-सेलेब्स दे रहे बधाईकैटरीना कैफ और विक्की कौशल के माता-पिता बनने को लेकर पिछले कुछ दिनों से अटकलों का बाजार गरम था। कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया कि कैटरीना प्रेग्नेंट हैं। साथ ही कैटरीना की एक फोटो भी हाल ही वायरल हुई जिसमें उनका बेबी बंप नजर आ रहा था। अब कंफर्म हो गया है कि उनके घर जल्द ही किलकारियों से गूंजने वाला है। कैटरीना ने आज मंगलवार (23 सितंबर) को सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर इसकी अनाउंसमेंट कर दी है।
तस्वीर में कैटरीना व्हाइट कलर की स्लीवलेस ड्रेस में नजर आ रही हैं। वहीं विक्की उनके बेबी बंप को पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। कपल ने इस पोस्ट को शेयर कर लिखा, “हमारी जिंदगी का बेस्ट चैप्टर शुरू करने की शुरुआत हो रही है। दिल खुशी और आभार से भरा है।” फोटो में दोनों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है। जैसे ही यह पोस्ट सामने आई वैसे ही फैंस से लेकर सेलेब्स तक उन्हें बधाई देने लगे। जान्हवी कपूर ने लिखा, “बधाई बधाई बधाई।” नेहा धूपिया ने लिखा, “दोस्तों, चीखने के साथ-साथ रोना भी आ रहा है। विक्की और कैटरीना मैं आप दोनों से बहुत प्यार करती हूं।”
आयुष्मान खुराना ने लिखा, “आप दोनों को बधाई हो।” सोनम कपूर, सिद्धांत चतुर्वेदी जैसे और कई सेलेब्स ने हार्ट इमोजी बनाकर खुशी व्यक्त की। बता दें कैटरीना और विक्की की शादी साल 2021 में राजस्थान के सवाई माधोपुर में हुई थी। इस शादी में करीबी लोगों को ही बुलाया गया था। शादी के बाद कपल अक्सर इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीरें शेयर करता है और इनको बहुत ज्यादा पसंद किया जाता है। विक्की आखिरी बार इसी साल फिल्म ‘छावा’ में दिखे थे, जबकि कैटरीना की पिछली फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’ थी जो पिछले साल जनवरी में रिलीज हुई थी।