2 News : शिवभक्तों के लिए अक्षय ने शेयर किया यह पोस्टर, इस एक्टर ने अपनी सास को गिफ्ट में दिया फ्लैट

बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। इस साल गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘स्काई फोर्स’ ने बढ़िया बिजनेस किया। इसके साथ ही अक्षय फॉर्म में लौट आए हैं। अब अक्षय महाशिवरात्रि से पहले शिव भक्तों के लिए भक्तिमय गाना लेकर आ रहे हैं, जिसकी एक झलक अक्षय ने अपने सोशल मीडिया पर दिखाई। अक्षय ने आज सोमवार (17 फरवरी) शाम इंस्टाग्राम पर एक पोस्टर शेयर किया। इसमें अक्षय एक शिव भक्त के रूप में नजर आ रहे हैं। अक्षय ने शिवलिंग को पकड़कर रखा है।

साथ ही वे कई रंगों से रंगे हुए दिख रहे हैं। अक्षय ने पोस्टर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “ॐ नमः शिवाय! महाकाल की शक्ति और भक्ति का अनुभव करें कल यानी की 18 फरवरी को। महादेव को मेरी ओर से एक छोटी सी स्तुति, 'महाकाल चलो' कल रिलीज हो रहा है।” महादेव को समर्पित इस गाने को अक्षय, पलाश सेन और विक्रम मोंट्रोज ने गाया है। म्यूजिक मोंट्रोज ने दिया है। गाने के बोल शेखर अस्तित्व ने लिखे हैं। गाने को गणेश आचार्य ने कोरियोग्राफ किया है।

उल्लेखनीय है कि 26 फरवरी को महाशिवरात्रि है। ऐसे में शिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर इस गाने को रिलीज किया जा रहा है। महाकाल को समर्पित यह गाना 18 फरवरी को रिलीज किया जाएगा। बता दें अक्षय पूर्व में भी शिवजी को लेकर गाना रिलीज कर चुके हैं।

अक्षय के आगामी प्रोजेक्ट्स की बात करें तो उनके पास साउथ की फिल्म ‘कन्नप्पा’, ‘जॉली एलएलबी 3’, ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘भूत बंगला’ है। अक्षय के लिए पिछला साल अच्छा नहीं रहा था। उनकी तीन फिल्में ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘सरफिरा’ और ‘खेल खेल में’ फ्लॉप हो गई थी। ‘सिंघम अगेन’ हिट रही थी, लेकिन इसमें अक्षय का रोल लीड एक्टर के बजाय कैमियो था।
दीपिका कक्कड़ के पति शोएब इब्राहिम ने जीता अपनी सास का दिल

एक्टर शोएब इब्राहिम और एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ की जोड़ी फैंस को बहुत पसंद आती है। दोनों एक-दूजे के साथ मजबूत बोंडिंग शेयर करते हैं। अब शोएब ने अपनी सास के लिए मुंबई में करोड़ों का अपार्टमेंट खरीद उन्हें गिफ्ट किया है। यह बात उन्होंने अपने लेटेस्ट व्लॉग में शेयर की। इससे पहले शोएब ने अपनी मां को भी एक फ्लैट गिफ्ट किया था।

बता दें दीपिका की मां उनकी बिल्डिंग में अब तक किराये के फ्लैट में रहती थीं, लेकिन अब शोएब ने वही फ्लैट खरीद लिया है। व्लॉग में दीपिका ने बताया कि जिस बिल्डिंग में वो रहते हैं उसी में सास-ससुर, ननद सबा से लेकर उनकी मां सालों से रहते हैं। भले ही वह ज्वाइंट फैमिली में नहीं रहतीं, लेकिन एक ही बिल्डिंग में रहने से उन्हें जॉइंट फैमिली वाली फील ही आती है। बेटे रूहान की परवरिश भी पूरी फैमिली के बीच हो रही है।

सबसे बड़ी ब्लेसिंग है कि शोएब ने पहले अपनी अपनी अम्मी के लिए एक घर खरीदा और अब अपनी सास के लिए। मुझे उन पर गर्व है। जैसे ही शोएब ने घर के पेपर्स अपनी सास को दिए, वो इमोशनल हो गईं और आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा कि सभी का शुक्रिया। इससे ज्यादा कुछ और नहीं हो सकता मेरे लिए। इस फैमिली में आकर मुझे इतना कुछ मिला है जो कभी मेरे अपनों ने नहीं दिया।

मैं कितनी खुश हूं बता नहीं सकती। भगवान ऐसा दामाद सबको दे। बता दें ‘ससुराल सिमर का’ फेम दीपिका इन दिनों रियलिटी कुकिंग शो ‘सेलेब्रिटी शेफ्स’ में नजर आ रही हैं। दूसरी ओर शोएब का पिछला प्रोजेक्ट डांसिंग रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा 11’ था, जिसमें वे रनरअप रहे थे।