2 News : अक्षय ने अब फडणवीस से पूछा संतरा कैसे खाते हैं? वीडियो वायरल, OTT पर धमाल मचाने को तैयार ‘जॉली एलएलबी 3’

अक्षय कुमार हमेशा चर्चाओं में रहने वाले एक्टर हैं। अक्षय से जुड़ी कोई न कोई बात रोजाना सामने आती रहती है, जो फैंस में उत्सुकता पैदा करती है। अक्षय अपने काम के साथ और कारणों से भी लाइमलाइट में रहते हैं। अक्षय का साल 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 'आम कैसे खाते हैं' वाला सवाल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। अब अक्षय ने फिर अपनी स्टाइल में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से पूछा, “सर, आप संतरा कैसे खाते हैं?” यह सवाल FICCI Frames 2025, इंडिया के प्रमुख मीडिया और एंटरटेनमेंट कॉन्क्लेव में आया।

मंच पर अक्षय ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मैंने PM से पूछा था कि आप आम कैसे खाते हैं, लोग हंसे। लेकिन मैं नहीं सुधरूंगा। अब आपसे पूछता हूं, सर, नागपुर के संतरे फेमस हैं। आपको संतरे पसंद हैं? और आप इन्हें कैसे खाते हैं - छीलकर, जूसर में डालकर, या कैसे? इस पर फडणवीस ने तुरंत कहा कि मुझे संतरे बहुत पसंद हैं। लेकिन मैं आपको नागपुरिया स्टाइल बताता हूं। संतरे को छीले बिना बीच से दो टुकड़ों में काटो, ऊपर थोड़ा नमक छिड़को, और फिर आम की तरह चूसो। इससे खट्टा-मीठा स्वाद दोगुना मजा देता है। अक्षय ने तुरंत कहा कि ये नया तरीका सीखा। मैं जरूर ट्राई करूंगा!

इस पर वहां मौजूद लोगों की तालियों ने माहौल और मजेदार बना दिया। अक्षय ने फिल्मों के अलावा मुंबई मेट्रो, पुलिस के जूते, राजनीति और अपराध से जुड़े सवाल भी हल्के-फुल्के अंदाज में पूछे और मुख्यमंत्री ने भी उसी सहजता से उनके जवाब दिए। बता दें FICCI फ्रेम्स का 25वां संस्करण 7-8 अक्टूबर को मुंबई में आयोजित हो रहा है। रजत जयंती मनाते हुए यह दो दिवसीय कार्यक्रम भारत और दुनियाभर के उद्योग जगत के अग्रणी और दूरदर्शी लोगों को मीडिया परिदृश्य को आकार देने के 25 सालों के मौके पर किया जा रहा है।
19 सितंबर को रिलीज हुई थी अक्षय कुमार और अरशद वारसी की फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’

अक्षय के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी पिछली फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ हाल ही रिलीज हुई है। इसमें अक्षय के साथ अरशद वारसी हैं। फिल्म ने 19 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी। दर्शक इसकी ओटीटी रिलीज डेट का इंतजार कर रहे हैं। अब दर्शकों के लिए गुड न्यूज है। फिल्म एक नहीं, बल्कि दो ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर धमाल मचाने वाली है। फिल्म अगले महीने से ओटीटी पर स्ट्रीम होने के लिए तैयार है। ओटीटी प्ले की रिपोर्ट के मुताबिक 'जॉली एलएलबी 3' जियो हॉटस्टार और नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो सकती है।

फिल्म 14 नवंबर से डिजिटल स्ट्रीमिंग के लिए अवेलेबल हो सकती है। फिलहाल मेकर्स की तरफ से रिलीज डेट की ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसका बजट 120 करोड़ रुपए है। सैकनिल्क की मानें तो फिल्म ने अब तक बॉक्स ऑफिस पर 108.65 करोड़ रुपए का कारोबार कर लिया है। फिल्म ने वर्ल्डवाइड 157.7 करोड़ रुपए का कलेक्शन करते हुए अपना बजट वसूल कर लिया है। सुभाष कपूर के डायरेक्शन में बनी इस कॉमेडी कोर्टरूम ड्रामा में सौरभ शुक्ला, अमृता राव और हुमा कुरैशी भी अहम रोल में हैं।