अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का पहला पोस्टर सोमवार को जारी कर दिया गया है। अजय देवगन ने खुद फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए एक बार फिर विजय सालगांवकर के रूप में वापसी का संकेत दिया है। फिल्म को ‘दृश्यम’ श्रृंखला का तीसरा और अंतिम अध्याय बताया जा रहा है और यह 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। पोस्टर में अजय देवगन का चेहरा बेहद करीब से दिखाया गया है, जिसमें उनकी आंखों के जरिए विजय के किरदार की गंभीरता और रहस्य को उभारने की कोशिश की गई है।
लेकिन अजय देवगन की फिल्म का पोस्टर सामने आने के कुछ ही घंटों के भीतर ‘दृश्यम’ को लेकर एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरी चर्चा को नया मोड़ दे दिया है। जहां हिंदी संस्करण को तीसरे भाग के साथ खत्म करने की बात कही जा रही है, वहीं मोहनलाल की मलयालम ‘दृश्यम’ श्रृंखला चौथे भाग की ओर बढ़ चुकी है। निर्माता एंटनी पेरुम्बावूर ने 23 अगस्त को आधिकारिक तौर पर ‘दृश्यम 4’ बनाए जाने की घोषणा की है। यानी जॉर्जकुट्टी की कहानी अभी जारी रहेगी।
अजय की ‘दृश्यम 3’ बनी ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’अजय देवगन की फिल्म का नया नाम ही इस समय सबसे ज्यादा ध्यान खींच रहा है। ‘दृश्यम 3’ को अब ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ नाम दिया गया है। नाम से साफ संकेत मिलता है कि हिंदी संस्करण में विजय सालगांवकर की कहानी को निर्णायक मोड़ पर ले जाने की तैयारी है। फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में पहुंचेगी और अजय देवगन के साथ एक बार फिर वही परिवार और कहानी आगे बढ़ेगी, जिसने पिछली दोनों फिल्मों में दर्शकों को बांधे रखा था।
पहले पोस्टर में अजय देवगन के चेहरे का बेहद करीबी दृश्य रखा गया है। उनकी आंखों पर विशेष जोर दिया गया है, जो विजय सालगांवकर के उस शांत लेकिन रहस्यमयी व्यक्तित्व की याद दिलाता है, जिसे दर्शकों ने पिछली फिल्मों में पसंद किया था। ऐसे में पोस्टर ने फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ाने के साथ यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि इस बार विजय अपने परिवार को बचाने के लिए किस हद तक जाएगा।
मोहनलाल की ‘दृश्यम 4’ ने बदला पूरा समीकरणअजय देवगन की फिल्म को अंतिम अध्याय बताया जा रहा है, लेकिन इसी समय मलयालम संस्करण में कहानी के चौथे भाग की आधिकारिक घोषणा हो चुकी है। निर्माता एंटनी पेरुम्बावूर ने ‘दृश्यम 4’ की पुष्टि करते हुए साफ कहा है कि फ्रेंचाइजी का अगला अध्याय जरूर बनाया जाएगा। इस फिल्म में मोहनलाल के जॉर्जकुट्टी के रूप में लौटने की उम्मीद है।
हालांकि यहां यह अंतर समझना जरूरी है कि ‘दृश्यम 4’ की घोषणा हो चुकी है, लेकिन इसकी शूटिंग कब शुरू होगी और सिनेमाघरों में कब आएगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। निर्देशक जीतू जोसेफ ने भी पहले कहा है कि केवल सफलता के दबाव में अगली फिल्म बनाना उनका तरीका नहीं है और चौथे भाग के लिए मजबूत कहानी जरूरी होगी।
क्या मोहनलाल की ‘दृश्यम 4’ के बाद अजय की ‘दृश्यम 4’ संभव है?यहीं से हिंदी फिल्म को लेकर सबसे बड़ा सवाल पैदा होता है। अगर मोहनलाल का जॉर्जकुट्टी तीसरे भाग के बाद चौथे भाग में लौट सकता है, तो क्या अजय देवगन का विजय सालगांवकर भी भविष्य में चौथी फिल्म में वापसी कर सकता है?
फिलहाल इसका कोई आधिकारिक जवाब नहीं है। अजय की फिल्म को निर्माताओं ने ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ यानी अंतिम अध्याय कहा है। इसलिए अभी ‘दृश्यम 4’ को लेकर किसी तरह की संभावना को पक्की खबर के तौर पर पेश करना जल्दबाजी होगी।
लेकिन फिल्म उद्योग में फ्रेंचाइजी की कहानी हमेशा केवल नाम के आधार पर खत्म नहीं होती। यदि तीसरे भाग के बाद कहानी में आगे बढ़ने की गुंजाइश बचती है, दर्शकों की मांग बनी रहती है और निर्माताओं को विजय सालगांवकर के लिए एक मजबूत नई कहानी मिलती है, तो भविष्य में अजय देवगन की वापसी की संभावना से पूरी तरह इनकार भी नहीं किया जा सकता।
मलयालम और हिंदी ‘दृश्यम’ के बीच दिलचस्प अंतर‘दृश्यम’ की
सबसे दिलचस्प बात यह है कि अजय देवगन की हिंदी फिल्मों की मूल कहानी
मोहनलाल की मलयालम फिल्मों से आई है। मोहनलाल ने जॉर्जकुट्टी और अजय देवगन
ने विजय सालगांवकर के रूप में एक ही मूल कहानी की अलग-अलग भाषाई दुनिया में
पहचान बनाई है।
अब पहली बार दोनों संस्करणों का भविष्य एक दिलचस्प
मोड़ पर खड़ा दिखाई दे रहा है। मोहलाल की कहानी तीसरे भाग के बाद चौथे
अध्याय में प्रवेश कर रही है, जबकि अजय देवगन की फिल्म को तीसरे भाग के साथ
‘द कन्क्लूजन’ कहा जा रहा है।
यही वजह है कि अजय देवगन के पोस्टर
के साथ ‘दृश्यम 4’ की खबर का सामने आना हिंदी दर्शकों के लिए भी खास मायने
रखता है। अगर आने वाले वर्षों में विजय सालगांवकर की कहानी को आगे बढ़ाने
के लिए कोई ऐसी पटकथा तैयार होती है जो तीसरे भाग के अंत के बाद स्वाभाविक
रूप से कहानी को आगे ले जा सके, तो आज अंतिम अध्याय कही जा रही फिल्म के
बाद भी एक नया अध्याय खुल सकता है।
फिलहाल तस्वीर साफ है—अजय देवगन 2
अक्टूबर को ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के साथ विजय सालगांवकर बनकर लौट रहे
हैं, जबकि मोहनलाल के जॉर्जकुट्टी के लिए ‘दृश्यम 4’ का रास्ता खुल चुका
है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मलयालम फ्रेंचाइजी के चौथे भाग की
सफलता भविष्य में हिंदी ‘दृश्यम’ के निर्माताओं को भी विजय सालगांवकर की
कहानी आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी?