2 News : अजय देवगन की यह फिल्म 22 नवंबर को होगी रिलीज, डेविड धवन की फिल्म में हुई इस एक्ट्रेस की एंट्री

अजय देवगन तीन दशक से भी ज्यादा समय से बॉलीवुड में छाए हुए हैं। फैंस और फिल्ममेकर्स के दिलों पर वे आज भी राज कर रहे हैं। अजय की डिमांड लगातार बनी हुई है। उनकी एक के बाद एक फिल्में आती रहती हैं। अजय की इस साल 3 फिल्में ‘शैतान’, ‘मैदान’ और ‘औरों में कहां दम था’ आ चुकी हैं। अब दिवाली पर 1 नवंबर को उनकी मच अवेटेड मूवी ‘सिंघम अगेन’ सिनेमाघरों में धूम मचाने के लिए तैयार है। इस बीच अजय के चाहने वालों के लिए एक और खुशखबरी सामने आई है। अजय की फिल्म 'नाम' 22 नवंबर को रिलीज होगी।

इसकी जानकारी ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने आज शनिवार (26 अक्टूबर) को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की है। बता दें कि फिल्म पिछले 18 सालों से रिलीज के इंतजार में थीं। इस फिल्म को 1 नवंबर को ही रिलीज होने जा रही ‘भूल भुलैया 3’ वाले अनीस बज्मी ने ही डायरेक्ट किया है। कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया कि ये फिल्म साल 2006 में रिलीज होने वाली थी लेकिन किसी कारणवश अटक गई और अब जाकर इसे रिलीज किया जा रहा है। यह सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में रिलीज होगी।

इसे डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी पेन मुरुधर डिस्ट्रीब्यूट करेगी। साल 2020 में भी इसकी रिलीय के कयास लगाए गए थे। साथ ही कुछ समय पहले कहा गया कि इसे सीधे ओटीटी पर स्ट्रीम किया जाएगा। साल 2022 में इस फिल्म को रुंगटा एंटरटेनमेंट वाले अनिल रुंगटा ने खरीद लिया था। इस साइकोलॉजिकल थ्रिलर मूवी में अजय के साथ भूमिका चावला और समीरा रेड्डी हैं। इसे मुंबई के साथ विदेशों में भी शूट किया गया है।

डेविड धवन की रोमांटिक कॉमेडी में वरुण व मृणाल के साथ नजर आएंगी पूजा हेगड़े

वरुण धवन पिछले कुछ दिनों से अपनी वेब सीरीज ‘सिटाडेल : हनी बनी’ को लेकर काफी चर्चाओं में हैं। इसमें उनके साथ साउथ इंडियन एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु नजर आएंगी। यह सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी। वरुण के पास कई फिल्में भी हैं, जिनमें एक उनके पिता डेविड धवन के डायरेक्शन में बन रही कॉमेडी रोमांटिक मूवी भी शामिल है। अब खबर है कि डेविड की फिल्म में अभिनेत्री पूजा हेगड़े का नाम भी जुड़ गया है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक बताया जा रहा है कि पूजा फिल्म में वरुण की गर्लफ्रेंड की भूमिका निभाएंगी और दोनों पहली दफा पर्दे पर साथ नजर आएंगे। फिल्म में अभिनेत्री मृणाल ठाकुर भी अहम भूमिका में है। इसका मतलब है कि मूवी वरुण, पूजा और मृणाल के लव ट्रायंगल पर आधारित होगी। फिल्म 2 अक्टूबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बातचीत में पूजा ने कहा कि मैं आने वाले दिनों में कई फिल्मों की घोषणा करने वाली हूं। आप मुझे जल्द अलग-अलग भूमिकाओं में देखने वाले हैं। मैंने एक साल का ब्रेक लिया और सोचा कि मुझे क्या करना चाहिए। पूजा की पिछली फिल्म साल 2022 में सलमान खान के साथ 'किसी का भाई किसी की जान' थी। फिल्म फ्लॉप रही। पूजा जल्द ही शाहिद कपूर की फिल्म 'देवा' में भी दिखेंगी।