2 News : फौजी से प्रभास का लुक हुआ लीक तो मेकर्स ने दे डाली यह चेतावनी, अब OTT पर लें पवन-बॉबी की फिल्म का मजा

‘बाहुबली’ फेम साउथ इंडियन सुपरस्टार प्रभास इन दिनों हनु राघवपुडी की मचअवेटेड मूवी 'फौजी’ की शूटिंग में बिजी हैं। फैंस इसको लेकर काफी क्रेजी हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर सेट से लीक हुई प्रभास की एक तस्वीर सुर्खियों में है। तस्वीर ने न सिर्फ फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है, बल्कि मेकर्स की चिंता दोगुनी कर दी। फिल्म निर्माताओं ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। उन्होंने चेतावनी जारी की है कि भविष्य में कोई भी लीक बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैथ्री मूवी मेकर्स ने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर चेतावनी के साथ लिखा, “हमने देखा है कि आप में से बहुत से लोग #PrabhasHanu के सेट से तस्वीरें शेयर कर रहे हैं।

हम आपको बेहतरीन अनुभव देने की कोशिश कर रहे हैं और ये लीक टीम का मनोबल गिराते हैं। ऐसी तस्वीरें शेयर करने वाले किसी भी अकाउंट की न केवल रिपोर्ट की जाएगी और उसे बंद किया जाएगा, बल्कि इसे साइबर अपराध माना जाएगा और उससे उचित तरीके से निपटा जाएगा।” बता दें फिल्म 1940 के दशक की ऐतिहासिक कल्पना/वैकल्पिक इतिहास पर आधारित एक योद्धा की कहानी है जो अंधेरे से उठ खड़ा हुआ, एक ऐसे समाज से उभरा जो मानता था कि युद्ध ही उन दबे हुए अन्यायों और भूली हुई सच्चाइयों का एकमात्र जवाब है जिन्हें इतिहास ने दुनिया से छिपाकर रखा था।

फिल्म में प्रभास एक सैनिक की भूमिका में नजर आएंगे। साथ ही अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती और जयाप्रसाद जैसे कलाकार भी हैं। फिल्म का संगीत विशाल चंद्रशेखर ने दिया है, जो 'सीता रामम' के लिए जाने जाते हैं। बताया जा रहा है कि इस फिल्म के बनने पर 400 करोड़ रुपए की लागत आएगी। प्रभास के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी आगामी फिल्म 'द राजा साब’ की भी चर्चाएं हैं। यह भारत की सबसे महंगी हॉरर कॉमेडी है। फिल्म इस साल 5 दिसंबर को रिलीज होगी और विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘अर्जुन उस्तारा’ से टकराएगी जिसमें शाहिद कपूर लीड एक्टर हैं।
अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई 'हरि हर वीर मल्लू', सिनेमाघरों में नहीं दिखा पाई कमालसाउथ इंडियन एक्टर पवन कल्याण की फिल्म 'हरि हर वीर मल्लू' को 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। इस फिल्म से निर्माताओं को बड़ी उम्मीदें थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। यह फिल्म 300 करोड़ रुपए के बजट में बनी थी, लेकिन दुनियाभर में 116.82 करोड़ रुपए की कमाई ही कर सकी। अब 'हरि हर वीर मल्लू' OTT प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर दस्तक दे चुकी है।

ऐसे में जो दर्शक इस फिल्म का मजा सिनेमाघरों में नहीं ले पाए, वे अब इसे घर बैठे OTT पर देख सकते हैं। प्राइम वीडियो ने इसकी घोषणा करते हुए लिखा, “शहर में एक नया रॉबिनहुड आया है- हरि हर वीरा मल्लू नाम है। विद्रोह, क्रोध और धार्मिकता की एक कहानी, सिनेमाघरों से शुरू हुआ तूफान अब आपकी स्क्रीन पर छाएगा। हरि हर वीरा मल्लू स्वोर्ड वर्सेस स्प्रिट की गाथा 20 अगस्त से सिर्फ प्राइम वीडियो पर देखें।” इसका मतलब है कि फिल्म आज बुधवार से ही स्ट्रीम होगी। इसमें बॉबी देओल और निधि अग्रवाल ने भी अहम भूमिका निभाई है।

फिल्म के डायरेक्टर कृष जगरलामुदी और एएम ज्योति कृष्णा हैं। यह फिल्म एक पीरियड ड्रामा है, जिसमें पवन कल्याण ‘वीरा मल्लू’ नाम के एक डाकू के रूप में नजर आते हैं। कहानी 17वीं सदी की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां ‘वीरा मल्लू’ मुगल बादशाह ‘औरंगजेब’ (बॉबी देओल) से कोहिनूर वापस लाने के मिशन पर निकलता है। फिल्म के भव्य सेट और भारी-भरकम एक्शन सीक्वेंस के बावजूद कमजोर वीएफएक्स और स्क्रिप्ट इसकी सबसे बड़ी कमजोरियां साबित हुईं।