Oscar 2025: लापता लेडीज़ के बाद चुनी गई हिंदी फ़िल्म 'संतोष', लेकिन इसमें एक ट्विस्ट है

किरण राव की फिल्म लापता लेडीज ऑस्कर 2025 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि है। और अब महज दो दिन बाद एक और हिंदी फिल्म यह सम्मान पाने में सफल रही है। संध्या सूरी की फिल्म 'संतोष' को यूके ने ऑस्कर 2025 के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म के तौर पर चुना है। इस फिल्म में भारतीय अभिनेत्रियां शहाना गोस्वामी और सुनीता राजवार मुख्य भूमिका निभा रही हैं।

डेडिन ने बताया कि इस फिल्म को अमेरिकी अकादमी द्वारा यू.के. की प्रस्तुति का चयन करने के लिए नियुक्त संगठन बाफ्टा ने चुना है। इस साल के कान फिल्म महोत्सव में अन सर्टेन रिगार्ड में इस फिल्म का प्रीमियर हुआ था। संतोष को यू.के. से इसलिए चुना गया क्योंकि इसे वहां बड़े पैमाने पर रिलीज किया गया था और इसे ब्रिटिश निर्माताओं का समर्थन प्राप्त था। इस फिल्म के निर्माता माइक गुडरिज, जेम्स बाउशर, बाल्थाजार डी गने और एलन मैकएलेक्स हैं। अमा अमपादु, ईवा येट्स, डायर्मिड स्क्रिमशॉ, लूसिया हसलौअर और मार्टिन गेरहार्ड इसके कार्यकारी निर्माता हैं।

बता दें कि संध्या सूरी ब्रिटिश-भारतीय फिल्म निर्माता हैं। उन्होंने संतोष को निर्देशित करने के साथ-साथ लिखा भी है। संध्या को इससे पहले 2005 में रिलीज हुई उनकी डॉक्यूमेंट्री 'आई फॉर इंडिया' और 2018 में रिलीज हुई 'अराउंड इंडिया विद ए मूवी कैमरा' के लिए तारीफें मिल चुकी हैं। फिल्म भले ही यूके से भेजी गई है, लेकिन यह एक भारतीय फिल्म है। इसकी कहानी उत्तर भारत के एक गांव की है।

संध्या सूरी द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म एक इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर फिल्म है। फिल्म की कहानी उत्तर भारत के एक गांव पर आधारित है। वहां एक महिला की नई-नई शादी हुई है। लेकिन कुछ समय बाद पति की मौत हो जाती है और पुलिस कांस्टेबल की नौकरी पत्नी को मिल जाती है। उसे एक केस मिलता है जिसमें उसे एक नाबालिग लड़की की हत्या की गुत्थी सुलझानी होती है। वह इस केस की जांच शुरू कर देती है। फिल्म में संतोष का किरदार शाहना गोस्वामी ने निभाया है।