2 News : एयरपोर्ट पर पत्नी-बेटी के साथ दिखे अभिषेक, पहलगाम हमले के शहीद विनय की पत्नी को मिला BB 19 का ऑफर!

बच्चन फैमिली को लेकर फैंस में हमेशा से ही जबरदस्त क्रेज नजर आता है। वे हमेशा उनके बारे में जानने को बेकरार रहते हैं। अमिताभ बच्चन और उनकी पत्नी जया बच्चन तो दिग्गज एक्टर्स की कैटेगरी में आते ही हैं, साथ ही बेटे अभिषेक बच्चन और बहू ऐश्वर्या राय बच्चन भी लोगो के दिलों पर राज कर रहे हैं। इसके अलावा अमिताभ के नाति और श्वेता बच्चन नंदा के बेटे अगस्त्य नंदा भी फिल्मी दुनिया में कदम रख चुके हैं। हालांकि पिछले कुछ समय से सबसे ज्यादा चर्चा अभिषेक और ऐश्वर्या के रिश्ते को लेकर हो रही है। दोनों के बीच कई चीजें ऐसी नोटिस की गईं, जिनसे लगा कि उनमें दुरियां बढ़ गई हैं।

कहा तो यह भी गया कि वे तलाक लेने वाले हैं। दोनों ने आज तक इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोला, लेकिन बीच-बीच में साथ आकर यह जरूर जता दिया कि वे अलग नहीं हुए हैं और फैंस को घबराने की कोई बात नहीं है। अब एक बार फिर अभिषेक, ऐश्वर्या और उनकी बेटी आराध्या बच्चन ने उनके चाहने वालों को खुश होने का मौका दिया है। तीनों को एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। इस दौरान मां–बेटी की जोड़ी ने अपने ट्विनिंग लुक से सभी का ध्यान खींचा। साथ ही अभिषेक के भी जेंटलमैन बिहेवियर ने सबका दिल जीत लिया। ये तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।

इस दौरान अभिषेक कैजुअल आउटफिट में नजर आए। ब्लू स्वेटशर्ट को उन्होंने ऑफ व्हाइट जैकेट के साथ पेयर किया था। ब्लैक कलर के ट्राउजर और स्नीकर्स के साथ लुक कंप्लीट किया। वे एयरपोर्ट पर स्टाफ से हाथ मिलाते हुए दिखे। उनका ये जेस्चर नेटिजंस को पसंद आ रहा है। ऐश्वर्या के लुक पर नजर डालें तो उन्होंने ब्लैक स्वेटशर्ट के साथ ब्लैक स्कार्फ कैरी किया था। इसके साथ उन्होंने ब्लू डेनिम पेयर किया। सिर पर टोपी और लाल लिपस्टिक लगाए पूर्व मिस वर्ल्ड बेहद सुंदर लग रही थीं। आराध्या मां के साथ ट्विनिंग ब्लैक आउटफिट में दिखीं।

सिर पर कैप लगाए और व्हाइट स्नीकर्स में आराध्या स्टाइलिश लग रही थीं। ऐश्वर्या और आराध्या ने पैपराजी को पोज दिए। फैंस ने इन नजारों को देख राहत की सांस ली और दुआ कर रहे हैं हमेशा उनका साथ बना रहे। अभिषेक के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वे आखिरी बार ‘कालीधर लापता’ में नजर आए थे। यह ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी। इससे पहले अभिषेक 'हाउसफुल 5' में भी नजर आए थे, जो दर्शकों को पसंद आई। दूसरी ओर, ऐश्वर्या ने लंबे समय से फिल्मों से दूरी बना रखी है। उन्हें आखिरी बार साल 2023 में रिलीज हुई साउथ इंडियन मूवी ‘पन्नीर सेल्वम 2’ में देखा गया था।
हिमांशी नरवाल के ‘बिग बॉस 19’ में हिस्सा लेने को लेकर लगाई जा रहीं अटकलें

कलर्स टीवी पर सुपरस्टार सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ का 19वां सीजन 24 अगस्त से धमाल मचाने वाला है। अभी तक इसके एक भी कंटेस्टेंट के नाम पर मोहर नहीं लगी है, लेकिन अटकलें लगना जारी है। इसमें कई सेलेब्स के शिरकत करने को लेकर खबरें आ चुकी हैं। इस बीच अब चर्चा है कि शो में पहलगाम पीड़िता हिमांशी नरवाल भी नजर आने वाली हैं। BB19 से जुड़ीं अपडेट्स शेयर करने वाले पॉपुलर इंस्टाग्राम पेज ‘बिगबॉस डॉट ताजाखबर’ ने एक लेटेस्ट पोस्ट शेयर की है।

इसमें हिमांशी को लेकर उड़ रही अफवाह के बारे में बताया गया है। पोस्ट में लिखा है कि ऐसी अफवाहें हैं कि पहलगाम पीड़ित की पत्नी हिमांशी नरवाल को ‘बिग बॉस 19’ के लिए अप्रोच किया गया है। यह फर्जी खबर है। इस तरह की झूठी खबर ना फैलाएं और लोगों को भी ऐसी अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। इस तरह की अफवाहों से पीड़ित के परिवार को ठेस पहुंच सकती है।

अब इस पर यूजर्स भी रिएक्शन दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2025 में कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने सभी को हिलाकर रख दिया था। हमले में भारतीय आर्मी के जवान विनय नरवाल सहित 26 लोग शहीद हो गए थे। तब विनय की पत्नी हिमांशी की फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी। कपल शादी के बाद पहलगाम में हनीमून के लिए पहुंचा था।