2 News : अभिषेक को इस फिल्म के लिए मिली आराध्या से सीखने में मदद, कैटरीना और विक्की का वीडियो हुआ वायरल

अभिषेक बच्चन को फिल्मी दुनिया में करीब 25 साल हो गए हैं। उनकी पहली फिल्म साल 2000 में आई ‘रिफ्यूजी’ थी। इसके बाद अभिषेक कई फिल्मों में विविध भूमिकाओं को अंजाम दे चुके हैं। अभिषेक की एक्टिंग काफी दमदार होती है। हालांकि उन्हें अपने पिता सदी के महानायक अमिताभ बच्चन जैसी शौहरत नसीब नहीं हुई। फिर भी वे बॉलीवुड में अपनी खास जगह बनाने में सफल रहे हैं। फिलहाल अभिषेक अपनी आने वाली फिल्म ‘बी हैप्पी’ को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। यह फिल्म एक बाप और बेटी की कहानी पर आधारित है।

इसमें दिखाया गया है कि कैसे एक बाप, मां के बिना अपनी बेटी की अकेले परवरिश करता है और उसके सपनों को पूरा करता है। फिल्म की स्टोरीलाइन अलग है। फिल्म 14 मार्च को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। इस बीच अभिषेक ने एक इंटरव्यू में अपने इस चुनौतीपूर्ण रोल के बारे में बात की। अभिषेक ने कहा कि फिल्म के लिए मुझे अपनी बेटी आराध्या से सीखने में बहुत मदद मिली। यह एक ऐसी फिल्म है जिसमें बाप-बेटी के रिश्ते को बारीकी से दिखाया गया है। हिंदी सिनेमा में ऐसी फिल्में बहुत कम देखने को मिलती है। जब मैंने ‘बी हैप्पी’ की कहानी को सुना तो मैंने तुरंत हां कर दिया था।

मुझे ऐसी कहानी की तलाश करना दिलचस्प लगा जिसमें एक पिता अपनी बेटी की मां की अनुपस्थिति से पैदा हुए खालीपन को भरने के लिए आगे आता है। सिनेमा में ऐसी कहानियां मुश्किल से बनती हैं, जिससे यह फिल्म एक अलग कान्सेप्ट लेकर आई है। मेरी 13 वर्षीय बेटी आराध्या के साथ मेरे वास्तविक जीवन के अनुभवों ने ‘शिव’ की भूमिका को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैंने अपनी बेटी से बहुत कुछ सीखा है। एक एक्टर के रूप में किसी भी किरदार के लिए दिल से जुड़ना पड़ता है जो आराध्या का साथ होने की वजह से संभव हुआ। वैसे एक मां की जगह को कोई नहीं भर सकता। मां बहुत कीमती होती हैं।

मां-बाप अपने बच्चों की जरूरत और इच्छाओं को पूरा करने के लिए हरसंभव कोशिश करते हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले साल अभिषेक और उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन के तलाक को लेकर लगातार अटकलें लगाई जाती रहीं। हालांकि दोनों ने कई दफा साथ आकर साबित कर दिया कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। वैसे इस बारे में उनकी ओर से सार्वजनिक तौर पर कभी कुछ नहीं कहा गया। फैंस भी चाहते हैं कि उनकी जोड़ी हमेशा सलामत बनी रहे।
कैटरीना कैफ की बेस्ट फ्रेंड करिश्मा कोहली की शादी में शामिल हुए थे विक्की कौशल भी

कैटरीना कैफ और विक्की कौशल को शनिवार (8 मार्च) रात मुंबई में एक पार्टी से निकलने के बाद स्पॉट किया गया। दोनों कैटरीना की बेस्ट फ्रेंड करिश्मा कोहली की शादी की पार्टी में शामिल हुए और बेहद खूबसूरत लग रहे थे। एक पैपराजी ने कपल का वीडियो शेयर किया है, जिसमें दोनों ही पार्टी से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। विक्की, कैटरीना की बहन इसाबेल कैफ को गले लगाते हुए दिख रहे हैं और अपनी पत्नी का हाथ थामे हुए उन्हें कार तक ले जा रहे हैं। कैटरीना अपने बार्बी लुक से आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

कैटरीना ने एक बड़ा फूल वाला फ्लेयर्ड, ऑफ-शोल्डर पिंक गाउन स्टाइल किया है। कैटरीना के लुक में न्यूड मेकअप जंच रहा है। विक्की ब्लैक फॉर्मल थ्री-पीस सूट में डैशिंग लग रहे हैं। उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हाल ही कैटरीना ने शादी के अन्य फंक्शन से कई खूबसूरत फोटो शेयर की थी। कैटरीना और विक्की ने साल 2021 में राजस्थान के सवाई माधोपुर में विवाह बंधन में बंध गए थे।

कैटरीना के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वह आखिरी बार साउथ इंडियन स्टार विजय सेतुपति के साथ फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’ में नजर आई थीं। पिछले साल रिलीज हुई यह फिल्म फ्लॉप हो गई थी। दूसरी ओर विक्की अपनी फिल्म ‘छावा’ की सफलता का जश्न मना रहे हैं। फिल्म ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। विक्की अब संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ मूवी में नजर आएंगे।