यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की अगली धमाकेदार पेशकश ‘वॉर 2’ को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। ऋतिक रोशन और साउथ के मेगास्टार जूनियर एनटीआर की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का टीज़र अब जल्द ही रिलीज हो सकता है। खबरों की मानें तो 20 मई को जूनियर एनटीआर के जन्मदिन पर फिल्म से जुड़ा कोई खास वीडियो या पहली झलक जारी की जा सकती है।
हालांकि मेकर्स की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन ऋतिक रोशन का 16 मई का एक सोशल मीडिया पोस्ट इस ओर इशारा कर रहा है। उन्होंने लिखा, हे तारक, सोच सकते हो 20 मई को क्या होने वाला है? मेरा विश्वास करो, तुम्हें कोई अंदाजा नहीं है। तैयार रहो! — इस एक पंक्ति ने फैंस के बीच खलबली मचा दी है।
‘वॉर 2’ को लेकर ऋतिक पहले ही बता चुके हैं कि यह फिल्म उनके लिए बेहद खास है। यूएस टूर के दौरान उन्होंने बताया था कि वो इसके सीक्वल को लेकर शुरू में डरे हुए थे, लेकिन अब उन्हें इस पर गर्व है। उन्होंने यह भी खुलासा किया था कि फिल्म में केवल एक गाना बाकी है, जिसे जूनियर एनटीआर और उनके बीच फिल्माया जाना है।
फिल्म का निर्देशन अयान मुखर्जी कर रहे हैं और इसका निर्माण यशराज फिल्म्स के प्रमुख आदित्य चोपड़ा कर रहे हैं। यह फिल्म 14 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर रिलीज़ होगी और माना जा रहा है कि यह अपने पहले भाग से कहीं बड़ी, ग्रैंड और एक्शन से भरपूर होगी।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या 20 मई को 'वॉर 2' से जुड़ा धमाकेदार टीज़र सामने आता है या फिर जूनियर एनटीआर की एक झलक ही दर्शकों को सरप्राइज के तौर पर दी जाती है। फैंस फिलहाल बेसब्री से इस खास दिन का इंतजार कर रहे हैं।