रणवीर की ‘83’ फिल्म का दूसरा गाना ‘बिगड़ने दे’ रिलीज, ‘सैम बहादुर’ में विक्की के साथ होंगी ये दो नायिकाएं

रणवीर सिंह की फिल्म '83' को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज हैं। कबीर खान द्वारा निर्देशित यह फिल्म 1983 वर्ल्ड कप में भारत की जीत पर आधारित है। इंस्पिरेशनल सॉन्ग 'लहरा दो' लॉन्च करने के बाद निर्माताओं ने अब फिल्म से दूसरा गाना 'बिगड़ने दे' रिलीज कर दिया है। इसमें रणवीर सिंह और अन्य प्रतिभाशाली कलाकार नजर आ रहे हैं। ये गाना सिंगर बेनी दयाल की आवाज में है और संगीतकार प्रीतम हैं। यह गीत भारतीय क्रिकेट टीम की भावना को प्रदर्शित करता है, जिसे रणवीर और उनकी टीम द्वारा अच्छी तरह से चित्रित किया गया है। गाना हमें इतिहास रचने से पहले टीम इंडिया की तैयारी और पर्दे के पीछे की मस्ती का दीदार करवाता है।

रणवीर फिल्म में महान ऑलराउंडर कपिल देव का किरदार निभा रहे हैं। दीपिका पादुकोण इसमें कपिल देव की पत्नी रोमी का किरदार निभाती नजर आएंगी। रणवीर-दीपिका के साथ फिल्म में ताहिर राज भसीन, जीवा, साकिब सलीम, जतिन सरना, चिराग पाटिल, दिनकर शर्मा, निशांत दहिया, हार्डी संधू, साहिल खट्टर, अम्मी विर्क, आदिनाथ कोठारे, धैर्य करवा, आर. बद्री और पंकज त्रिपाठी भी हैं। फिल्म 24 दिसंबर को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में 3डी में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण दीपिका पादुकोण, कबीर खान, विष्णु वर्धन इंदुरी, साजिद नाडियाडवाला, फैंटम फिल्म्स, रिलायंस एंटरटेनमेंट ने मिलकर किया है।

विक्की कौशल ने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर कर दी फिल्म की जानकारी

अभिनेता विक्की कौशल जल्द ही फिल्म 'सैम बहादुर' में नजर आएंगे। फिल्म में विक्की के साथ एक्ट्रेस फातिमा सना शेख और सान्या मल्होत्रा नजर आएंगी। सान्या फिल्म में विक्की की पत्नी बनेंगी, वहीं फातिमा को इंदिरा गांधी का रोल निभाने का मौका मिलेगा। यह जानकारी विक्की ने खुद अपने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर कर दी है। फोटो में विक्की के साथ सान्या, फातिमा और मेघना गुलजार नजर आ रहीं हैं। विक्की ने फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा, ये हमारे लिए बहुत ही खास दिन है, क्योंकि आज हम अपनी डायरेक्टर मेघना गुलजार का बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हंल और लीडिंग लेडीज का वेलकम कर रहे हैं।

सान्या मल्होत्रा का बतौर सिलो मानेकशॉ और फातिमा सना शेख का बतौर श्रीमती इंदिरा गांधी, सैम बहादुर फैमिली में स्वागत है। फातिमा ने भी इंस्टाग्राम पर लिखा, साहस, शक्ति और गरिमा को परिभाषित करने वाली महिला! यह बहुत गर्व के साथ है कि मैं भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की भूमिका को दर्शाने के लिए सैम बहादुर की टीम में शामिल हो रही हूं। इंदिरा गांधी! मेघना मैम, विक्की, सान्या और RSVP फिल्म्स के साथ इस यात्रा को शुरू करने के लिए उत्सुक हूं! सैम बहादुर।