अक्सर आपने यह तो सुना ही होगा कि जो जैसा करता हैं वो वैसा भरता हैं अर्थात जो दूसरों के साथ जैसा व्यवहार करता हैं उसके साथ भी वैसा ही सलूक होता हैं। इस बात की सच्चाई देखने को मिली वॉशिंगटन में एक चोर के साथ जो एक दुकान लूटने के लिए आया था और उसी की गाड़ी चोरी हो गई। जी हां, केनेविक पुलिस डिपार्टमेंट ने अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो पोस्ट किया है और इसके बारे में बताया है। मामला कुछ इस तरह शुरू हुआ कि गाड़ी के मालिक विलियम केली ने पुलिस को बताया कि उसकी पिकअप गाड़ी किसी ने चुरा ली। उसने चाबी गाड़ी के अंदर ही छोड़ दिया था।
![दुकान लूटने के चक्कर में चोरी हो गई चोर की गाड़ी, मामला हैरान करने वाला weird news,weird incident,washington,thief car stolen]()
विलियम की शिकायत पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। इस दौरान जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो पुलिस यह देखकर चौंक गई कि जो शख्स अपनी गाड़ी चोरी की शिकायत कर रहा था, असल में वह एक दुकान में चोरी करने के लिए आया था। वीडियो फुटेज में साफ-साफ दिख रहा है कि गाड़ी चुराने वाले चोर ने गाड़ी के पीछे अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की और फिर वो गाड़ी लेकर फरार हो गया। इस दौरान केली उसके पीछे भागता नजर आया। हालांकि अभी तक गाड़ी को तो बरामद नहीं किया जा सका है, लेकिन केली को चोरी के आरोप में जेल में जरूर बंद कर दिया गया है।
फेसबुक पर गाड़ी चोरी का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने तरह-तरह के कमेंट किए हैं। एक शख्स ने लिखा है, 'मैंने इतनी जल्दी किसी के कर्मों का फल मिलते नहीं देखा है'। बता दें कि इस वीडियो को अब तक 22 हजार बार देखा जा चुका है, जबकि 80 से ज्यादा लोगों ने इसे शेयर किया है।