उत्तर प्रदेश के संभल जिले में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार रोडवेज बस और टैंकर की भीषण टक्कर हो गई। रोडवेज बस और टैंकर में हुई जबरदस्त भिड़ंत में 8 लोगों की मौत हो गई। 25 यात्री जख्मी हैं। इनमें से कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। हादसा मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर धनारी थाना इलाके में हुआ। घायलों को अलग-अलग अस्पताल भेजा गया है। मौके पर डीएम और एसपी समेत तमाम आला अधिकारी मौजूद है। हाईवे पर जाम लगा हुआ है। हादसा इतना जबरदस्त था कि रोडवेज बस का एक साइड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
![UP: बस को चीरता चला गया टैंकर, 8 लोगों की मौत, 25 घायल uttar pradesh,sambhal,road accident,roadwase bus,tanker,accident news]()
हादसा घने कोहरे की वजह से हुआ। बताया जा रहा है कि मानकपुर की मढ़इयां गांव के पास गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली खड़ी थी। टैंकर ने इसे ओवरटेक किया, तभी बस सामने आ गई। बस में करीब 45 लोग सवार थे। यह चंदौसी से अलीगढ़ जा रही थी। मृतकों में बस के कंडक्टर और ड्राइवर भी शामिल हैं। हादसा इतना भीषण था कि टैंकर बस को चीरता हुआ चला गया। इससे बस का आधा हिस्सा सड़क पर बिखर गया।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख उधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है, उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को समुचित इलाज मुहैया कराये जाने के भी निर्देश दिए हैं।