महाराष्ट्र (Maharashtra) की राजधानी मुंबई (Mumbai) में मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते जगह-जगह पानी भर गया। सड़के तालाब जैसी हो गईं और घंटों तक लोगों की गाड़ियां फंसी रहीं। मंगलवार दोपहर से शुरु हुई इस बारिश का असर लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी पड़ा है। बस और रेल सेवाओं को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। भारी बारिश के चलते कई ट्रेनें कैंसिल करनी पड़ीं, इस कारण कई लोग स्टेशन पर घंटों फंसे रहे।
शहर में हालत ऐसी हो गई कि कई जगहों पर पुलिस ने बारिश में फंसे लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला और सुरक्षित जगह पर पहुंचाया। भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि बुधवार को भी मुंबई में तेज बारिश हो सकती है। विभाग ने बादल छाए रहने और भारी बारिश का अनुमान जताया है।