भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव को लेकर सोमवार (2 नवंबर) के बेहद ही हैरान और दुखी करने वाली खबर सोशल मीडिया पर सामने आई। कुछ दिनों से बीमार चल रहे विश्व कप विजेता कप्तान के मौत के खबर की अफवाह अचानक से फैली। हालांकि इसमें किसी भी तरह की कोई सच्चाई नहीं थी और यह उनके साथ खेल चुके पूर्व क्रिकेटर मदनलाल ने साफ किया। अब कपिल का एक नया वीडियो सामने आया है जिसमें वह बिल्कुल स्वस्थ नजर आ रहे हैं। सोमवार को मौत की अफवाह फैलने के बाद ही 21 सेकेंड का एक प्रोमो वीडियो सामने आया है। एक प्राइवेट बैंक के साथ शूट किए गए शो का यह अंश है जिसमें कपिल बातें करते हुए नजर आ रहे हैं। इस प्रोमो में कपिल कहते सुनाई पड़ रहे हैं, हैलो मैं कपिल देव हूं और आपके साथ 11 नवंबर को अपनी कहानी शेयर करने जा रहा हूं। कुछ क्रिकेट के किस्से और कुछ यादें। त्योहार का माहौल है तो तैयार हो जाइए 11 नवंबर को मेरे साथ सवाल जवाब के सत्र के लिए। आप सभी पल का मजा उठाइए और खुश रहिए।