छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का 74 साल की उम्र में हुआ निधन

By: Pinki Fri, 29 May 2020 4:17:28

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का 74 साल की उम्र में हुआ निधन

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का शुक्रवार को निधन हो गया। वे 74 साल के थे। जाेगी 2000 से 2003 के बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहे। अजीत जोगी को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह 20 दिन से रायपुर के अस्पताल में भर्ती थे। 19 दिन के अंदर तीसरी बार दिल का दौरा पड़ने के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई थी। उनके निधन की जानकारी उनके बेटे अमित जोगी ने ट्वीट कर दी।

अमित जोगी ने लिखा '20 वर्षीय युवा छत्तीसगढ़ राज्य के सिर से आज उसके पिता का साया उठ गया। केवल मैंने ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ ने नेता नहीं,अपना पिता खोया है। अजीत जोगी ढाई करोड़ लोगों के अपने परिवार को छोड़कर, ईश्वर के पास चले गए। गांव-गरीब का सहारा, छत्तीसगढ़ का दुलारा,हमसे बहुत दूर चला गया।'

जोगी 9 मई से कोमा में थे। इमली का बीज गले में अटकने की वजह से उन्हें पहली बार दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद 27 मई की रात भी उन्हें दिल का दौरा पड़ा। हालांकि, अगले ही दिन उनकी सेहत में थोड़ा सुधार देखा गया। जब शुक्रवार को उन्हें दोबारा दिल का दौरा पड़ा तो रायपुर के श्रीनारायणा अस्पताल की ओर से एक मेडिकल बुलेटिन जारी किया गया। इसमें बताया गया कि जोगी परिवार की सहमति लेकर डॉक्टरों ने उन्हें एक विशेष इंजेक्शन लगाया है। यह बहुत ही रेयर किस्म का इंजेक्शन है, जिसका इस्तेमाल छत्तीसगढ़ में बहुत कम हुआ है। हालांकि, इसके बाद भी उन्हें नहीं बचाया जा सका।

बता दे, नौकरशाह से राजनेता बने अजित जोगी, छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री रहे हैं। मध्य प्रदेश से छत्तीसगढ़ के बंटवारे के बाद वह नवंबर 2000 से नवंबर 2003 तक मुख्यमंत्री रहे। जोगी ने 2016 में कांग्रेस छोड़ दी थी और अपनी पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की स्थापना की थी।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com