किसान आंदोलन के समर्थन में आज भारत बंद है। 20 सियासी दल और 10 ट्रेड यूनियंस इसका सपोर्ट कर रहे हैं। कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों का समर्थन पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के तमाम कलाकार कर रहे हैं। तमाम पंजाबी सिंगरों ने किसानों के सपोर्ट में गाने गाए हैं और अब सोशल मीडिया पर सामने आई नई तस्वीरों में सिंगर रुपिंदर हांडा किसानों के लिए रोटियां व ब्रेड पकौड़े बनाती नजर आ रही हैं।
इन तस्वीरों और वीडियोज को खुद रुपिंदर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया है। मालूम हो कि किसान कृषि कानूनों में संशोधन किए जाने की मांग लंबे वक्त से कर रहे हैं और इसी में उनका साथ निभाते हुए रुपिंदर हांडा की ये तस्वीरें टिकरी बॉर्डर से सामने आई हैं। पोस्ट के कैप्शन में रुपिंदर ने लिखा- आज भी लंगर सेवा दे रहे हैं। वाहेगुरु भला करे।














