कोविड-19 (Covid-19) के खिलाफ चल रही जंग में मदद के लिए बॉलीवुड एक्टर विक्की कौशल (Vicky Kaushal) ने प्रधानमंत्री राहत कोष और मुख्यमंत्री (महाराष्ट्र) राहत कोष में एक करोड़ रुपये का दान किया है। इसकी जानकारी विक्की कौशल ने इंस्टाग्राम के जरिए फैंस को दी। विक्की ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर कहा कि मैं खुशकिस्मत हूं कि अपने घर में आराम से अपने परिवार के सदस्यों के साथ बैठा हूं, लेकिन ऐसे कई लोग हैं, जो इतने भाग्यवान नहीं हैं। मुसीबत की इस घड़ी में मैंने पीएम-केयर्स और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री राहत कोष में एक करोड़ रुपये की राशि का सहयोग प्रदान करने का संकल्प लिया है। हम सभी अभी एकजुट हैं और साथ में मिलकर इस पर जीत हासिल करेंगे। एक स्वस्थ व मजबूत भविष्य के लिए चलिए यथासंभव अपना प्रयास करते हैं।
विकी कौशल के अलावा कैटरिना कैफ ने भी पीएम केयर्स फंड और महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष में डोनेशन देने की घोषणा की है। ऐक्ट्रेस ने यह नहीं बताया कि वह कितनी धनराशि दान करने वाली हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, 'मैं पीएम केयर्स फंड और महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करने की घोषणा करती हूं। इस महामारी ने दुनिया में कष्ट और दर्द दिया है जिसे देखकर दुख होता है।'














