एक्टर अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की आने वाली फिल्म 'लक्ष्मी बम' का नाम बदलकर 'लक्ष्मी' कर दिया गया है। दरअसल, फिल्म के टाइटल को लेकर काफी हंगामा हो रहा था और लोग फिल्म को बायकॉट करने की बात कह रहे थे। इन सबके बीच अब अक्षय कुमार ने लक्ष्मी का सोशल मीडिया पर एक नया पोस्टर रिलीज किया है। पोस्टर में कियारा आडवाणी (Kiara Advani) का एकदम नया लुक दिख रहा है। वहीं पोस्टर में अक्षय भी लक्ष्मी बन किनारे पर खड़े दिख रहे हैं। फिल्म के नए पोस्टर को देख फैन्स खासा उत्साहित हो गए हैं। फिल्म के नए पोस्टर को शेयर करते हुए अक्षय कहते हैं- 'अब हर घर में आएगी लक्ष्मी, घर वालों के साथ तैयार रहना 9 नवंबर को।' अक्षय का इतना कहना ही फैन्स के उत्साह को काफी ज्यादा बढ़ा रहा है।
वजह जो भी क्यों ना हो, लेकिन अक्षय की लक्ष्मी देखने का इंतजार हर कोई कर रहा है। इससे पहले किसी भी फिल्म में अक्षय ने ऐसा किरदार नहीं निभाया है। ट्रेलर ने भी फैन्स की उम्मीदों को पंख लगाने का काम किया है, ऐसे में फिल्म को लेकर बढ़िया बज बन गया है।
Ab harr ghar mein aayegi #Laxmii! Ghar waalon ke saath taiyaar rehna 9th November ko!🤩#FoxStarStudios #DisneyPlusHotstarMultiplex
बताते चलें कि फिल्म 'लक्ष्मी बम' को कुछ लोगों का आरोप है कि फिल्म लव जिहाद को बढ़ावा देती है। साथ ही एक वर्ग ने इसके नाम 'लक्ष्मी बम' पर ही आपत्ति दर्ज करते हुए इसे हिंदू धर्म के खिलाफ बताया है। फिल्म के टाइटल को लेकर श्री राजपूत करणी सेना ने फिल्म के निर्माताओं को कानूनी नोटिस भी जारी किया था। डायरेक्टर राघव लॉरेंस ने 'लक्ष्मी बम' को लेकर कहा था कि भगवान की कृपा से यह किरदार फिल्म में धमाके की तरह आता है, इसलिए हमने फिल्म का नाम 'लक्ष्मी बम' रख दिया। जैसे लक्ष्मी बम का धमाका कभी मिस नहीं होता वैसे ही इस फिल्म का लीड कैरेक्टर एक ट्रांसजेंडर है और वह बेहद ताकतवर है।
आपको बता दे, राघव लॉरेंस की इस फिल्म को 9 नवंबर को डिजिटली रिलीज किया जाएगा। फिल्म में अक्षय कुमार लीड कैरेक्टर में हैं और वह आसिफ और लक्ष्मी का किरदार निभाते नजर आएंगे। उनके ऑपोजिट कियारा आडवाणी दिखाई देंगी। अक्षय कुमार की बात करें तो वे अपनी फिल्म के प्रमोशन में बिजी चल रहे हैं। वे अब द कपिल शर्मा शो में नजर आने वाले हैं। शो का एक प्रोमो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रोमो में कपिल एक तरफ अक्षय की टांग खींचने की कोशिश कर रहे हैं, तो वहीं अक्षय, कपिल की चुटकी ले रहे हैं। इसी रविवार को वो एपिसोड टेलीकास्ट होने वाला है। अक्षय, कियारा संग सेट पर आने वाले हैं।














