उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन शहर ऋषिकेश में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जिसने होटल में ठहरे लोगों के बीच अफरा-तफरी मचा दी। वीरभद्र रोड स्थित एक होटल में लिफ्ट अचानक पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे के समय लिफ्ट में फरीदाबाद से घूमने आए 22 पत्रकार सवार थे। बताया जा रहा है कि लिफ्ट की वायर टूटने के कारण वह सीधे ग्राउंड फ्लोर तक आ गिरी। घटना के बाद होटल परिसर में चीख-पुकार मच गई और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
हादसे में घायल सभी पत्रकारों को तुरंत इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
खाना खाने के बाद लौट रहे थे सभी लोगजानकारी के मुताबिक फरीदाबाद से पत्रकारों का एक समूह घूमने के लिए ऋषिकेश आया हुआ था। सभी लोग होटल में ठहरे थे और शुक्रवार रात भोजन करने के बाद लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट का तार टूट गया और लिफ्ट तेज झटके के साथ नीचे आ गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि जोरदार आवाज सुनते ही होटल में मौजूद लोग घबरा गए।
इस दुर्घटना में वरुण कुमार, मनोज सूर्यवंशी, रुपेश कुमार, चेतन सिंह और जय प्रकाश सहित कई लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ के हाथ-पैर और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। एक पत्रकार के दोनों पैरों में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। डॉक्टर लगातार घायलों की निगरानी कर रहे हैं।
होटल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोपघटना के बाद घायल पत्रकारों और अन्य पर्यटकों ने होटल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लिफ्ट की हालत पहले से ठीक नहीं थी, लेकिन होटल स्टाफ ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। हादसे के बाद जब होटल कर्मचारियों से सवाल पूछे गए तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से एम्स ऋषिकेश भेजा गया। अस्पताल में सभी का इलाज जारी है। वहीं हादसे के बाद होटल में ठहरे अन्य लोगों में भी डर का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच, मेंटेनेंस रिकॉर्ड खंगाले जाएंगेएम्स चौकी प्रभारी देवेन्द्र पंवार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि होटल प्रबंधन से लिफ्ट के रखरखाव और मेंटेनेंस से जुड़े दस्तावेज मांगे गए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी की ओर से औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों और होटल प्रशासन की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटकों की सुरक्षा के लिए होटल और प्रशासन दोनों को नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना चाहिए।