उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार, 5 नवंबर को एक दिल दहला देने वाला ट्रेन हादसा हुआ। यह घटना चुनार रेलवे स्टेशन पर घटी, जहां एक ट्रेन के नीचे आने से 6 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे से संबंधित जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को त्वरित राहत कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के आदेश दिए। इसके साथ ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को मौके पर भेजने की दिशा में भी निर्देश जारी किए गए। सीएम योगी ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और घायलों को उचित इलाज प्रदान करने का आदेश दिया।
हादसा कैसे हुआ?यह हादसा तब हुआ जब कुछ लोग रेलवे ट्रैक को पार कर रहे थे। चश्मदीदों के अनुसार, अचानक कालका-हावड़ा एक्सप्रेस तेज़ गति से आ गई और ये लोग ट्रेन के नीचे आ गए। हादसा इतना भीषण था कि मृतकों के शरीर के टुकड़े उड़ गए। बताया जा रहा है कि ये लोग कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के लिए आए थे और ट्रेन से गलत दिशा में उतरने के कारण यह हादसा हुआ।
रेलवे की तरफ से मिली जानकारीरेलवे विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा चोपन-चुनार पैसेंजर ट्रेन से उतरे यात्रियों के कारण हुआ। ये लोग ट्रेन के मुख्य दरवाजे के बजाय दूसरे दरवाजे से उतरकर दूसरी लाइन की तरफ बढ़ रहे थे। तभी कालका-हावड़ा एक्सप्रेस लाइन पर आ गई और ये लोग उसकी चपेट में आ गए।
रेलवे ने इस मामले को MRO (Man Run Over) के रूप में दर्ज किया है और पांच मौतों की पुष्टि की है। हालांकि, अधिकारियों ने यह भी बताया कि यह संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि राहत कार्य जारी है।
चुनार रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरीहादसा चुनार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर हुआ। यात्रियों ने रेलवे ट्रैक पार करके गंगा स्नान के लिए जाने की कोशिश की थी, उसी दौरान कालका-हावड़ा एक्सप्रेस ने इन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। स्टेशन पर उस समय कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के कारण भारी भीड़ थी, जिससे स्थिति और भी खराब हो गई।
मृतकों की पहचान और जानकारीहादसे में मारे गए पांच लोगों के नाम सामने आ गए हैं। इनमें ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। मृतकों के नाम इस प्रकार हैं:
सविता (पत्नी राजकुमार)
साधना (पुत्री विजय शंकर)
शिवकुमारी (पुत्री विजय शंकर)
अप्पू देवी (पुत्री श्याम प्रसाद)
सुशीला देवी (पत्नी मोतीलाल)