सिक्किम के पश्चिमी हिस्से में भारी बारिश के बाद भूस्खलन ने रिंबी गांव के कुछ इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गुरुवार देर रात युक्सोम-ताशिडिंग क्षेत्र के रिंबी गांव में पहाड़ी का एक हिस्सा खिसक गया और बड़ी मात्रा में मिट्टी, पत्थर और मलबा नीचे की ओर बहने लगा। इस घटना में कई घरों के तबाह होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि अभी तक किसी व्यक्ति की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है।
भूस्खलन के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें पहाड़ी से मिट्टी और मलबा तेजी से नीचे की तरफ आता दिखाई दे रहा है। देखते ही देखते कीचड़, पत्थर और चट्टानों का मलबा गांव की ओर बढ़ता नजर आता है। लगातार बारिश के बीच इस घटना ने आसपास के घरों और संपत्ति के साथ सड़क संपर्क को भी खतरे में डाल दिया है।
पहाड़ी से तेजी से नीचे आया मलबारिंबी गांव में हुए भूस्खलन के दौरान पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा नीचे आया। इसमें मिट्टी और पत्थरों के साथ चट्टानों के हिस्से भी शामिल थे। सामने आए वीडियो में मलबे का बहाव गांव की तरफ जाते हुए दिखाई देता है।
भूस्खलन के कारण कई घर प्रभावित हुए हैं। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक घटना में अभी तक किसी तरह की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। लगातार बारिश के कारण इलाके में खतरा बना हुआ है और प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
रिंबी-खेचोपालरी सड़क भी पहले हुई थी प्रभावितरिंबी इलाके में भूस्खलन का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी लैंडस्लाइड के कारण रिंबी को खेचोपालरी से जोड़ने वाली सड़क का एक हिस्सा बह गया था। इससे इलाके में सड़क संपर्क प्रभावित हुआ था।
मॉनसून के दौरान सड़कों को हुए नुकसान को देखते हुए सिक्किम सरकार ने राज्यभर में खराब सड़कों की स्थिति की जांच शुरू की थी। सरकार की ओर से अधिकारियों को क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थिति का आकलन करने और जहां जरूरत है, वहां संपर्क बहाल करने के लिए तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए थे।
मंत्री ने मौके के आसपास की सड़कों का किया निरीक्षणसरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सड़क और पुल मंत्री एनबी दहाल ने युक्सम-ताशीडिंग निर्वाचन क्षेत्र में रिंबी और उसके आसपास की क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण किया था। इस दौरान सड़क को हुए नुकसान और उससे जुड़े सुरक्षा जोखिमों का आकलन किया गया।
रिंबी को खेचोपालरी से जोड़ने वाली सड़क का बड़ा हिस्सा लैंडस्लाइड के कारण बह गया था। इसके बाद मंत्री ने अधिकारियों को रिंबी में मंगलवार से मरम्मत का काम शुरू करने के निर्देश दिए थे।
मरम्मत कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए नेशनल हाईवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHIDCL) के अधिकारियों और ठेकेदारों को भी निर्देश दिए गए थे। इसका उद्देश्य सड़क संपर्क बहाल करना और यात्रियों को होने वाली परेशानी को कम करना था।
फिलहाल रिंबी और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश के बीच भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।