बारां जिले के केलवाड़ा में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जिसमें राखी मनाने के लिए पीहर आई एक महिला और उसके दो छोटे बच्चों की सांप के डसने से मौत हो गई। मंगलवार तड़के, तीनों सो रहे थे तभी एक जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। इस हादसे से परिवार और गांव में गहरा मातम छा गया है।
सांप का काटना और अस्पताल में मौतकेलवाड़ा थाना अधिकारी मान सिंह के अनुसार, यह हादसा सुबह लगभग 4 बजे महोदरा गांव के एक घर में हुआ। शिवपुरी के अकोड़ा से आई 30 वर्षीय पिंकी चंदेल अपने 7 साल के बेटे और 5 साल की बेटी के साथ राखी मनाने आई थी। वह सब पलंग पर सो रहे थे कि तभी अचानक एक सांप ने तीनों को डस लिया। बच्चों के अचानक रोने और बीमार पड़ने पर परिजन जागे और घर में सांप को देखा। घबराकर तीनों को केलवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी मान सिंह ने बताया कि परिजनों ने सांप की फोटो भी लेकर आए थे, जिसे चिकित्सकों को दिखाया गया। डॉक्टरों ने इसे ‘साइलेंट किलर’ यानी खतरनाक और चुपचाप मारने वाला कॉमन क्रेट स्नेक बताया। चिकित्सकों के अनुसार, इस सांप के डसने का पता लगाना बहुत मुश्किल होता है, क्योंकि इसका काटना मच्छर के काटने जैसा होता है। परिजन बताते हैं कि बच्चे की उंगली और बेटी के पैर पर डसा गया था, जबकि पिंकी के शरीर पर कहां डसा गया, यह पता नहीं चल पाया।
राखी मनाने आई थी पीहर
पिंकी चंदेल राखी के त्यौहार से पहले अपने पिता राम सिंह के घर महोदरा गांव आई थी। उनके साथ दो छोटे बच्चे भी थे। राखी का त्योहार उन्होंने बड़े धूमधाम से मनाया और वापस जाने की तैयारी कर रही थीं, लेकिन बच्चों ने ननिहाल में रुकने की जिद की और परिवार के आग्रह पर वह वहीं रुक गई। उसी रात यह दुखद घटना घट गई।
इस घटना पर किशनगंज के विधायक ललित मीणा ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समरानियां क्षेत्र के महोदरा गांव में मां-बेटी-बेटे की सर्पदंश से हुई मौत बेहद दुखद है और इस प्रकार की घटनाओं से बचाव के लिए कड़े कदम उठाए जाने चाहिए।