राजस्थान में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी के बाद अब कांग्रेस ने भी अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के 10 प्रमुख संकल्प सामने रखे। इनमें शहरों की सफाई व्यवस्था सुधारने, सीवरेज और जल निकासी की समस्या दूर करने, सफाई कर्मियों की भर्ती करने और नगर निकायों के कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई है।
कांग्रेस ने कहा है कि निकाय चुनाव के बाद उसके बोर्ड बनने पर स्थानीय स्तर पर सुशासन को प्राथमिकता दी जाएगी। पार्टी ने यह भी दावा किया कि विकास कार्यों और उनकी प्रगति से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए वेबसाइट का इस्तेमाल किया जाएगा।
मुफ्त कचरा संग्रहण और सफाई पर जोरकांग्रेस के संकल्प पत्र में घर-घर मुफ्त कचरा संग्रहण की व्यवस्था करने का वादा किया गया है। कचरा संग्रहण की रोजाना मॉनिटरिंग करने की बात भी कही गई है। इसके अलावा सफाई कर्मियों की लंबित भर्ती पूरी करने और जरूरत के अनुसार हर साल नई भर्ती निकालने का संकल्प लिया गया है।
जिन इलाकों में सीवरेज लाइन की सुविधा नहीं है, वहां नई लाइन बिछाने और आवश्यकता के अनुसार सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बनाने की बात भी कांग्रेस ने कही है। पार्टी ने सीसी रोड और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं को दूर करने को भी प्राथमिकता देने का वादा किया है।
यूडी टैक्स और पट्टा वितरण पर कांग्रेस का फोकसडोटासरा ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की तर्ज पर पट्टा वितरण और कच्ची बस्तियों के नियमन की दिशा में काम किया जाएगा। संकल्प पत्र में यूडी टैक्स की नए सिरे से समीक्षा कर उसे जनहित में तर्कसंगत बनाने की बात कही गई है।
कांग्रेस ने बिना मास्टर प्लान वाले क्षेत्रों के लिए आम लोगों से सुझाव लेकर मास्टर प्लान तैयार करने का भी वादा किया है। इसके साथ ही शहरों में स्ट्रीट और एलईडी लाइट की बेहतर व्यवस्था करने की बात कही गई है।
वेबसाइट पर दिखेगा काम का पूरा ब्यौराकांग्रेस ने नगर निकायों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कामकाज की जानकारी सार्वजनिक करने का संकल्प लिया है। डोटासरा के मुताबिक, विकास कार्यों और उनकी प्रगति का पूरा विवरण वेबसाइट पर लगातार अपडेट किया जाएगा।
आम लोगों के आवेदन ऑनलाइन लेने और उनकी स्थिति की जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराने की बात कही गई है। कांग्रेस का कहना है कि इससे कामकाज में पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। जरूरत के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में मूलभूत ढांचे से जुड़े बड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का भी वादा किया गया है।
309 निकायों में स्थानीय मुद्दों पर अलग घोषणा पत्रडोटासरा ने बताया कि राजस्थान के सभी 309 निकायों में स्थानीय परिस्थितियों और मुद्दों को ध्यान में रखते हुए जिला कांग्रेस कमेटियां अलग घोषणा पत्र जारी करेंगी।
उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशियों को लेकर भी आंकड़े सामने रखे। उनके अनुसार, कांग्रेस प्रत्याशियों में 40 वर्ष से कम उम्र के उम्मीदवारों की हिस्सेदारी 49.33 प्रतिशत है, जबकि 50 वर्ष से कम आयु वाले प्रत्याशियों की हिस्सेदारी 76.25 प्रतिशत है। ओबीसी वर्ग से 48.15 प्रतिशत प्रत्याशी मैदान में उतारे गए हैं।
बीजेपी के वादों पर डोटासरा का हमलासंकल्प पत्र जारी करने के दौरान डोटासरा ने बीजेपी के घोषणा पत्र को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने बीजेपी के एक लाख प्लॉट देने के वादे का जिक्र करते हुए दावा किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी ऐसा वादा किया गया था, लेकिन उनके मुताबिक ढाई साल बाद भी इसे पूरा नहीं किया गया।
डोटासरा ने बीजेपी सरकार पर शहरों में सफाई, स्ट्रीट लाइट और विकास कार्यों को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि नगर निकायों को मिलने वाली ग्रांट रोकी गई है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग और कांग्रेस प्रत्याशियों पर दबाव बनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस निकाय चुनाव में कथित कुशासन के खिलाफ और भ्रष्टाचार मुक्त स्थानीय निकाय के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी।