राजस्थान में सर्दी की चपेट लगातार तेज़ हो रही है। शीतलहर के प्रभाव से तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है, खासकर सीकर, झुंझुनूं, चूरू, बीकानेर और आसपास के जिलों में। कई हिस्सों में रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे है। गुरुवार रात सीकर का फतेहपुर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए शेखावाटी क्षेत्र (सीकर, चूरू और झुंझुनूं) में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है, क्योंकि कुछ इलाकों में तापमान 3-5 डिग्री तक गिर सकता है।
फतेहपुर बना सबसे ठंडा केंद्रपिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 29.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में 2.2 डिग्री रहा। मौसम केंद्र के अनुसार राज्य में आर्द्रता लगभग 35-55 प्रतिशत के बीच रही।
कंपकंपाती सर्दी और प्रमुख शहरों का तापमानमौसम केंद्र जयपुर के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, एक ही दिन में न्यूनतम तापमान में लगभग ढाई डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। इस गिरावट के कारण रात का मौसम बेहद ठंडा हो गया है। लोग अब कंबल और रजाई के बिना आराम से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। शाम होते ही लोग अलाव जलाते हुए नजर आते हैं।
मुख्य जिलों का न्यूनतम तापमान:अजमेर: 11.1°C
भीलवाड़ा: 12.0°C
अलवर: 5.0°C
जयपुर: 10.7°C
पिलानी: 5.4°C
सीकर: 3.8°C
कोटा: 12.8°C
चित्तौड़गढ़: 11.6°C
बाड़मेर: 14.0°C
जैसलमेर: 9.6°C
जोधपुर: 13.7°C
बीकानेर: 8.2°C
चूरू: 4.7°C
श्री गंगानगर: 7.5°C
अंता, बारां: 10.4°C
जालौर: 12.8°C
सिरोही: 8.7°C
फतेहपुर, सीकर: 2.2°C
करौली: 6.3°C
दौसा: 4.8°C
झुंझुनूं: 6.1°C
आगामी दिनों में और गिर सकता है पारा, शीतलहर जारीमौसम केंद्र के ताजा अपडेट के अनुसार, उत्तरी जिलों में न्यूनतम तापमान में एक-दो डिग्री और गिरावट की संभावना है। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सुभाष ने बताया कि शेखावाटी क्षेत्र में कुछ जगहों पर तापमान 3-5 डिग्री तक पहुंच सकता है। अगले दो दिनों में सीकर और आसपास के इलाकों में शीतलहर जारी रहेगी। तेज़ उत्तरी हवाओं के कारण तापमान और नीचे जा सकता है। शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री से नीचे जाने की संभावना भी जताई गई है।
आगामी सप्ताह रहेगा शुष्क मौसममौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा। अन्य क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर के आसपास रहेगा। तीन दिन बाद हल्का मौसम परिवर्तन हो सकता है, लेकिन फिलहाल ठंड से राहत के संकेत नहीं हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने आम जनता और किसानों से अपील की है कि शीतलहर और ठंड के दौरान सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतें।