‘एअर इंडिया ने पीएम मोदी की मणिपुर फ्लाइट कैंसिल की, कांग्रेस ने बुक की थी टिकट’, पवन खेड़ा का दावा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के असम दौरे के बाद कांग्रेस ने उन पर निशाना साधते हुए कहा कि मणिपुर उनके असम से केवल कुछ दूरी पर है, इसलिए उन्हें वहां भी जाना चाहिए। कांग्रेस ने पीएम मोदी के नाम से गुवाहाटी (असम) से इम्फाल (मणिपुर) तक की फ्लाइट टिकट बुक की और इसे सोशल मीडिया पर साझा किया। अब पार्टी नेता पवन खेड़ा का दावा है कि एअर इंडिया ने इस बुकिंग को बिना उनकी जानकारी के कैंसिल कर दिया।

पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट शेयर

कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने एक्स पर लिखा कि एअर इंडिया ने पीएम मोदी के नाम से बुक की गई मणिपुर की टिकट कैंसिल कर दी। उन्होंने कहा, “एयरलाइन तक यह बात पहुंच गई है कि प्रधानमंत्री मणिपुर के दौरे पर नहीं जाएंगे। इसलिए, नेक इरादे से बुक की गई टिकट को बिना मेरी जानकारी के रद्द कर दिया गया।”

खेड़ा ने आगे सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री मोदी उत्तर पूर्वी राज्यों का दौरा केवल चुनाव के समय ही क्यों करते हैं। उन्होंने कहा, “मणिपुर लंबे समय से अशांति का सामना कर रहा है। अब तक पीएम ने वहां एक बार भी दौरा क्यों नहीं किया?” उन्होंने पीएम केयर्स फंड पर भी तंज कसा, “PM CARES? शायद ऐसा नहीं है।”

कांग्रेस ने पीएम मोदी को भेजा संदेश

अपने एक अन्य पोस्ट में पवन खेड़ा ने लिखा, “प्रिय प्रधानमंत्री जी, हम जानते हैं कि चुनावी राज्य आपकी प्राथमिकता हैं, लेकिन मणिपुर को इस तरह नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। यह राज्य 2023 से संकट में है और अब फिर तनाव बढ़ रहा है। असम से मणिपुर बस एक घंटे की दूरी पर है। कृपया वहां भी जाएँ। आपकी मौजूदगी मणिपुर के लोगों के लिए आश्वासन का काम करेगी।”

उन्होंने कहा कि चुनावी व्यस्तताओं के बीच इसे आसान बनाने के लिए गुवाहाटी से इम्फाल तक फ्लाइट बुक कर दी गई है। “आपको बस हवाई जहाज में चढ़ना है। मेरे पास आपका नंबर नहीं है, इसलिए टिकट यहां साझा कर रहा हूँ। कृपया इसका इस्तेमाल कर दिखाएँ कि PM CARES वास्तव में काम करता है।”

डिब्रूगढ़ में देश की पहली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 फरवरी 2026 को असम के डिब्रूगढ़ में देश की पहली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) का निरीक्षण किया। पीएम ने मिलिट्री एयरक्राफ्ट C-130J से इस एयरस्ट्रिप पर लैंड किया। यह हाईवे पर बनी एयरस्ट्रिप इमरजेंसी के समय फाइटर जेट्स के लैंडिंग के लिए तैयार की गई है।