केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शनिवार को एकदिवसीय दौरे पर बाड़मेर पहुंचे। सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राजस्थान सहित 12 राज्यों में चल रहे SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान को लेकर कांग्रेस पर कड़ा हमला बोला। शेखावत ने कहा कि देश में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए संविधान में चुनाव आयोग की व्यवस्था की गई है। वर्तमान में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महाराष्ट्र चुनाव परिणाम के बाद राहुल गांधी ने मतदाता सूची में फर्जीवाड़े के आधार पर हार का ठीकरा फोड़ा था।
SIR को लेकर कांग्रेस पर निशानाकेंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार चुनाव से पहले जैसे ही SIR प्रक्रिया शुरू हुई, कांग्रेस ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया था। अब जबकि राजस्थान सहित उन 12 राज्यों में SIR चल रहा है, जहां चुनाव नहीं होने हैं, कांग्रेस वही सवाल उठा रही है। शेखावत ने कहा कि कांग्रेस को अपना स्पष्ट रुख तय करना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस ने दावा किया था कि मतदाता सूची में एक व्यक्ति का नाम कई जगह दर्ज है।
अब जब मतदाता सूची को दुरुस्त किया जा रहा है, तो वही कांग्रेस विरोध कर रही है। सच यह है कि कांग्रेस दशकों तक फर्जी वोटरों के दम पर सत्ता में रही। 2014 के बाद ईवीएम और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की राजनीति विकास केंद्रित हुई, जिससे बंटवारे की राजनीति करने वालों को जनता ने कड़ा जवाब दिया है। बिहार ने इसके ताजा प्रमाण दिए हैं, शेखावत ने कहा।
मंत्रिमंडल विस्तार का फैसला मुख्यमंत्री काविशेषाधिकार राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर शेखावत ने स्पष्ट किया कि यह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विशेषाधिकार है। उन्होंने कहा, राजस्थान सरकार तेजी से विकसित राज्यों की श्रेणी में आगे बढ़ रही है। मंत्रीमंडल विस्तार तब होगा, जब मुख्यमंत्री निर्णय लेंगे। अभी तक इस संबंध में मेरे साथ कोई चर्चा नहीं हुई है।
पंचायती राज और नगर निकाय चुनावकेंद्रीय मंत्री ने पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद दोनों चुनाव एक साथ कराए जाएंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या असंगति न रहे।
इस दौरे में शेखावत ने न केवल SIR अभियान पर कांग्रेस की आलोचना की, बल्कि राजस्थान सरकार के विकास और चुनावी तैयारियों पर भी अपने विचार साझा किए।