हरमाड़ा क्षेत्र की लोहा मंडी रोड पर हुए भयावह डंपर हादसे के करीब तीन महीने बाद जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाया है। शुक्रवार को जेडीए के प्रवर्तन दस्ते ने न्यू लोहा मंडी रोड पर व्यापक अभियान चलाते हुए करीब 3 किलोमीटर लंबे हिस्से में सड़क सीमा के भीतर फैले अतिक्रमण को हटाया और मार्ग को चौड़ा किया।
जेडीए अधिकारियों के अनुसार, मास्टर प्लान में इस सड़क की चौड़ाई 100 फीट तय है, लेकिन लंबे समय से सड़क के दोनों ओर 15 से 20 फीट तक स्थायी और अस्थायी निर्माण अवैध रूप से मौजूद थे। इन अतिक्रमणों के कारण सड़क संकरी हो गई थी और भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान हादसों का खतरा बढ़ गया था। कार्रवाई के दौरान 5 जेसीबी और पोकलैंड मशीनों की मदद से दुकानों के बाहर बनी सीढ़ियां, रैंप, छज्जे और अन्य संरचनाएं तोड़ी गईं, जिससे सड़क का वास्तविक कैरिज-वे सामने आ सका।
12 घंटे तक चला अभियान, विरोध के बीच हटाया गया अतिक्रमणअतिक्रमण हटाने के लिए जेडीए का प्रवर्तन दस्ता शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे लोहा मंडी रोड पर पहुंचा। कार्रवाई की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों और दुकानदारों की भीड़ जमा हो गई और कुछ स्थानों पर विरोध भी देखने को मिला। हालात को संभालने के लिए प्रवर्तन शाखा अधिकारी, तहसीलदार, जेईएन और सहायक नगर नियोजक (एटीपी) सहित प्रशासनिक टीम मौके पर मौजूद रही।
सुबह 9 बजे शुरू हुआ अभियान शाम 7 बजे तक लगातार करीब 12 घंटे चला। इस दौरान सड़क सीमा में बने सभी अवैध निर्माण हटाए गए। उल्लेखनीय है कि पिछले नवंबर में इसी हरमाड़ा लोहा मंडी रोड पर तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े और चल रहे लोगों को कुचल दिया था। उस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की जान चली गई थी, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। उसी घटना के बाद से सड़क को लेकर सुरक्षा उपायों की मांग तेज हो गई थी, जिसके चलते अब जेडीए ने यह सख्त कार्रवाई की है।