जयपुर के आमेर में गाइड मनीष सोनी की मौत के बाद सोमवार देर रात से तनाव का माहौल बन गया। मावठा सरोवर क्षेत्र में जीप चालक के साथ कहासुनी के बाद मनीष पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल मनीष को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर आमेर पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में लोग जुट गए और घटना को लेकर आक्रोश बढ़ गया।
स्थिति बिगड़ने के बाद आमेर कस्बे में कई दुकानें बंद करवा दी गईं। इसके अलावा आमेर महल की ओर जाने वाले रास्ते को भी लोगों ने रोक दिया। पर्यटकों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ महल में होने वाली हाथी सवारी भी रोक दी गई। अचानक हुए घटनाक्रम का असर आमेर के पर्यटन कारोबार पर पड़ा और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कहासुनी के बाद हुआ था चाकू से हमलाजानकारी के मुताबिक, सोमवार को आमेर के मावठा सरोवर इलाके में जीप चालक और गाइड मनीष सोनी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी बढ़ने के बाद मनीष पर चाकू से हमला किया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चाकूबाजी का मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है।
आमेर में भारी पुलिस बल तैनातमनीष की मौत के बाद बड़ी संख्या में लोग आमेर में एकत्रित हो गए। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर मौजूद हैं। पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
स्थिति को देखते हुए क्षेत्र के स्कूलों को भी बंद करवाया गया है। प्रशासन और पुलिस की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग
मनीष सोनी के परिजन और आक्रोशित लोग आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष बताया जा रहा है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस का मुख्य फोकस आमेर में स्थिति को नियंत्रण में रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है।
परिवार ने प्रशासन के सामने रखीं मांगेंमृतक के परिवार की ओर से प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगें रखी गई हैं। परिवार ने एक करोड़ रुपये का मुआवजा, आश्रित परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी और डेयरी बूथ आवंटित करने की मांग की है।
इसके अलावा आमेर क्षेत्र में अवैध और अनधिकृत रूप से जीप चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें प्रतिबंधित करने की मांग भी की गई है। परिवार की ओर से आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रखने की मांग रखी गई है।