महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और एनसीपी के वरिष्ठ नेता शरद पवार की सेहत को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पवार साहब को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उनके स्वास्थ्य की ताजा स्थिति के बारे में पार्टी नेता सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि फिलहाल पवार जी घर पर आराम करेंगे और कुछ दिनों बाद अपने नियमित कार्यों पर लौटेंगे।
घर पर आराम करेंगे पवारसुप्रिया सुले ने अपने पोस्ट में लिखा, “आदरणीय पवार साहब स्वस्थ हैं और डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी है। उन्हें तीन से चार दिन आराम करने की सलाह दी गई है। इस दौरान वे घर पर रहेंगे और इसके बाद अपने दैनिक कार्यों को फिर से शुरू करेंगे।” उन्होंने बताया कि पवार साहब को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।
शुभकामनाओं और आभार का संदेशसुप्रिया सुले ने आगे कहा, “इस दौरान, देश और राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों तथा उनके प्रिय नागरिकों ने उन्हें स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं। पवार साहब उन सभी का तहे दिल से आभार व्यक्त करते हैं। साथ ही, वे रूबी हॉल क्लिनिक के डॉक्टरों, नर्सों और सहायक कर्मचारियों के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित करते हैं, जिन्होंने उनका कुशलतापूर्वक इलाज किया और देखभाल की।”
सांस लेने में थी तकलीफराज्यसभा सदस्य शरद पवार (85) को सांस लेने में तकलीफ और लगातार खांसी की शिकायत थी। कुछ दिन पहले उन्हें बारामती स्थित उनके आवास से सीधे रूबी हॉल क्लिनिक लाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी था। अब उनका स्वास्थ्य पहले से बेहतर है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। फिलहाल वे घर पर आराम करेंगे, ताकि पूरी तरह ठीक होने के बाद ही अपने काम पर लौट सकें।