केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले की मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता से शनिवार (27 जून) को पुलिस ने कई घंटों तक गहन पूछताछ की। इस दौरान सिया के पिता प्रवीण गोयल और मां पूजा गोयल से केस से जुड़े तमाम पहलुओं पर सवाल किए गए। एक दिन पहले हुई पूछताछ के दौरान सिया के भाई साहिल गोयल से भी पुलिस ने जानकारी जुटाई थी। शनिवार सुबह करीब 11:15 बजे लोणावला ग्रामीण पुलिस की टीम गोयल परिवार के घर पहुंची और पूछताछ का सिलसिला शुरू हुआ। देर रात तक 11 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद पुलिस की पूछताछ जारी रही।
चेतन के साथ रिश्ते को लेकर पूछे गए सवालपूछताछ के दौरान पुलिस ने सबसे पहले सिया और चेतन के रिश्ते को लेकर उसके माता-पिता से सवाल किए। अधिकारियों ने पूछा कि क्या उन्हें इस बात की जानकारी थी कि सिया और चेतन के बीच दोस्ती थी और दोनों कथित तौर पर प्रेम संबंध में थे। इस पर सिया की मां ने साफ कहा, हमें इस बारे में बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी। सिया ने कभी हमारे सामने चेतन का जिक्र नहीं किया। इसलिए हमें यह भी नहीं पता था कि दोनों के बीच किसी तरह का प्रेम संबंध था या नहीं।
इसके बाद पुलिस ने यह जानना चाहा कि क्या सिया ने कभी परिवार के सामने चेतन से शादी करने की इच्छा जताई थी। इस सवाल पर माता-पिता ने जवाब दिया कि सिया ने कभी भी यह नहीं कहा कि वह चेतन नाम के किसी युवक से विवाह करना चाहती है।
क्या सिया की सहमति से तय हुई थी केतन से शादी?जांच के दौरान पुलिस ने यह भी पूछा कि केतन अग्रवाल के साथ सिया का रिश्ता उसकी इच्छा से तय हुआ था या नहीं। इस पर परिजनों ने बताया कि केतन का रिश्ता मित्तल परिवार की ओर से आया था। सबसे पहले हमने सिया को उनके बारे में जानकारी दी और उनकी तस्वीरें भी दिखाई थीं।
उन्होंने आगे कहा कि सिया की सहमति मिलने के बाद ही हमने अग्रवाल परिवार से बातचीत आगे बढ़ाई। अंतिम फैसला लेने से पहले भी उससे दोबारा पूछा गया था कि क्या उसे केतन पसंद हैं। जब उसने हामी भरी, तभी दोनों की शादी तय की गई और बाद में सगाई भी संपन्न हुई।
'क्या केतन का व्यवहार सिया को पसंद नहीं था?'पूछताछ के अगले चरण में पुलिस ने सवाल किया कि क्या सिया को केतन का स्वभाव पसंद नहीं था या वह इस रिश्ते से खुश नहीं थी। इस पर माता-पिता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शादी तय होने के बाद दोनों के बीच नियमित बातचीत होती थी। सगाई के बाद वे कई बार साथ घूमने भी गए। केतन कई बार हमारे घर आए, लेकिन सिया ने कभी उनके व्यवहार या स्वभाव को लेकर कोई शिकायत नहीं की। हमें कभी ऐसा नहीं लगा कि वह इस रिश्ते से असंतुष्ट थी।
परिजनों ने यह भी कहा कि दोनों के बीच सामान्य और सहज संबंध दिखाई देते थे, इसलिए उन्हें किसी प्रकार की अनबन का आभास नहीं हुआ।
क्या सिया पर शादी का दबाव बनाया गया था?पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सवाल यह भी पूछा कि क्या परिवार की ओर से सिया पर केतन से शादी करने का दबाव डाला जा रहा था। इस पर उसके माता-पिता ने इस संभावना को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, सिया हमारी लाडली बेटी है। हमने कभी भी उस पर किसी फैसले के लिए दबाव नहीं बनाया। उसने भी कभी यह नहीं कहा कि वह किसी मजबूरी में यह शादी कर रही है।
इसके बाद जांच अधिकारियों ने पूछा कि क्या परिवार को इस बात की जानकारी थी कि शादी तय होने के बाद भी सिया लगातार चेतन से मिलती-जुलती रही। इस पर भी परिजनों ने साफ इनकार करते हुए कहा कि उन्हें ऐसी किसी मुलाकात या संपर्क की कोई जानकारी नहीं थी।
हत्या की साजिश से अनजान होने का दावापूछताछ के दौरान पुलिस ने साहिल गोयल और चेतन के संबंधों को लेकर भी सवाल किए। अधिकारियों ने पूछा कि क्या परिवार को पता था कि साहिल और चेतन दोस्त हैं। इस पर परिजनों ने बताया कि साहिल ने खुद कहा था कि चेतन उसका दोस्त है। दोनों क्रिकेट खेलने के दौरान एक ही मैदान में मिलते थे। साहिल के कई दोस्त हैं और चेतन उनमें से एक हो सकता है। हालांकि हमने दोनों को कभी साथ नहीं देखा।
अंत में पुलिस ने सबसे अहम सवाल पूछा कि क्या परिवार को केतन अग्रवाल की हत्या की किसी साजिश की भनक थी। इस पर सिया के माता-पिता ने कहा, हमें आज भी विश्वास नहीं हो रहा कि सिया ऐसा कदम उठा सकती है। केतन अक्सर हमारे घर आते थे और सिया के साथ बाहर भी जाते थे। हमने दोनों को हमेशा सामान्य, खुश और हंसते-मुस्कुराते देखा। इसलिए कभी हमारे मन में यह संदेह नहीं आया कि पर्दे के पीछे किसी तरह की साजिश रची जा रही है।
फिलहाल पुलिस इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। जांच एजेंसियां परिवार के बयानों का मिलान अन्य सबूतों और आरोपियों से मिली जानकारी के साथ कर रही हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़कर मामले की सच्चाई तक पहुंचा जा सके।