'कुपवाड़ा से कठुआ तक हर कब्रिस्तान में पाकिस्तानी दफन हैं...', हिजबुल के डिप्टी कमांडर का वीडियो वायरल, कैमरे पर किया बड़ा दावा

हिज़्बुल मुजाहिदीन के डिप्टी सुप्रीम कमांडर शमशेर खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। इस वीडियो में वह सार्वजनिक मंच से यह स्वीकार करता दिखाई दे रहा है कि पाकिस्तान के विभिन्न इलाकों से आए आतंकवादी कश्मीर में लड़ाई के दौरान मारे गए और उन्हें वहीं दफनाया गया। सभा को संबोधित करते हुए शमशेर खान दावा करता है कि कश्मीर में ऐसा कोई कब्रिस्तान नहीं बचा, जहां किसी पाकिस्तानी आतंकवादी के अवशेष मौजूद न हों।

वीडियो में शमशेर खान कहता है कि लोलाब, कुपवाड़ा से लेकर कठुआ तक पूरे कश्मीर क्षेत्र में ऐसे कब्रिस्तान मौजूद हैं, जहां पाकिस्तान से आए आतंकवादियों को दफनाया गया है। अपने संबोधन के दौरान वह पाकिस्तान और कश्मीर के रिश्तों का भी उल्लेख करता है और यह दावा करता है कि दोनों के बीच कोई भी ताकत दूरी या वैमनस्य पैदा नहीं कर सकती। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बुधवार (8 जुलाई) को मुज़फ़्फ़राबाद में आयोजित जमात-ए-इस्लामी के एक कार्यक्रम का है, जहां उसने यह बयान दिया।

इस वीडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर पाकिस्तान से जुड़े आतंकवाद के मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है। शमशेर खान के बयान को लेकर सुरक्षा और राजनीतिक हलकों में भी अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि वीडियो की प्रामाणिकता और उसके संदर्भ को लेकर आधिकारिक स्तर पर अलग से कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।

गौरतलब है कि इससे कुछ महीने पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हिज़्बुल मुजाहिदीन से जुड़े एक आतंकवादी की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की थी। मई महीने में सोपोर के पंजल्ला क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई थी। पुलिस के अनुसार घोषित अपराधी की पहचान रोहामा रफियाबाद निवासी गुलाम मोहम्मद भट उर्फ़ हैदर के रूप में हुई थी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया था कि जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि आरोपी गैर-कानूनी तरीके से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) गया था, जहां उसने हथियारों और विस्फोटकों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण लिया। जांच एजेंसियों के मुताबिक वह प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन हिज़्बुल मुजाहिदीन (HM) से जुड़ा हुआ है और पाकिस्तान में रहकर अपनी आतंकी गतिविधियों का संचालन कर रहा है। इसी आधार पर उसकी संपत्ति को कानून के तहत जब्त किया गया।
ऑस्ट्रेलिया में पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का किया उल्लेख

उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान आयोजित एक सामुदायिक कार्यक्रम में ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए भारत की रक्षा क्षमताओं की सराहना की। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया अब भारत के रक्षा उपकरणों और सैन्य प्लेटफॉर्म्स की ताकत और विश्वसनीयता को नए नजरिए से देख रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की सैन्य क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन पूरी दुनिया के सामने रखा। उन्होंने कहा, आज पूरी दुनिया भारत के डिफेंस प्लेटफॉर्म्स की क्षमता और उनकी विश्वसनीयता को देख रही है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इसका स्पष्ट प्रदर्शन हुआ। कार्रवाई आतंकवादियों के ठिकानों पर की गई थी, लेकिन उसकी गूंज पूरी दुनिया ने महसूस की। उन्होंने कहा कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है और देश की रक्षा शक्ति पर वैश्विक भरोसा भी बढ़ता जा रहा है।