आम आदमी पार्टी (AAP) गोवा में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी की नजर केवल आगामी विधानसभा चुनाव पर ही नहीं, बल्कि 20 दिसंबर को होने वाले पंचायत चुनाव पर भी है।
AAP ने गोवा के सभी 50 पंचायत सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। प्रचार और संगठनात्मक रणनीति को गति देने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तीन दिन के लिए गोवा दौरे पर जा रहे हैं।
राजनीतिक स्थिति की बात करें तो वर्तमान में गोवा में AAP के दो विधायक हैं। पिछले विधानसभा चुनावों में पार्टी ने दमदार चुनावी प्रदर्शन किया था। कुछ महीने पहले दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को गोवा प्रभारी नियुक्त किया गया और तब से वह लगातार वहां सक्रिय हैं।
आतिशी का अधिकांश समय गोवा में जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बीत रहा है। पार्टी जमीनी स्तर पर अपने संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। गोवा से जुड़े छोटे-बड़े मुद्दों पर AAP दिल्ली से लेकर राज्य तक सक्रिय प्रतिक्रिया देती रहती है और सत्ताधारी भाजपा को चुनौती देती है।
गोवा के पंचायत चुनाव 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अहम राजनीतिक परीक्षा माने जा रहे हैं। वर्तमान जिला पंचायतों का कार्यकाल 7 जनवरी 2026 को समाप्त होने वाला है। गोवा में कुल 50 सीटें हैं, जिनमें प्रत्येक जिले में 25 सीटें आती हैं। पंचायत चुनाव के बाद मार्च 2026 में नगर निगम के चुनाव भी आयोजित होंगे।