Video: संसद की सीढ़ियों पर फिसले शशि थरूर, अखिलेश यादव ने थामा हाथ; कांग्रेस सांसद ने कहा- Thanks

नई दिल्लीः संसद परिसर में बुधवार को एक अप्रत्याशित वाकया सामने आया, जब कांग्रेस सांसद शशि थरूर सीढ़ियों से उतरते वक्त संतुलन खो बैठे और गिर पड़े। उसी समय पास में मौजूद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, अन्य सांसदों और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें संभाला और उठने में सहायता की। बताया जा रहा है कि थरूर फोन पर बातचीत करते हुए सीढ़ियों से गुजर रहे थे, जबकि वहीं अखिलेश यादव अपने दल के सांसदों के साथ खड़े थे। अचानक एक सीढ़ी छूटने से उनका पैर फिसला और वे गिर गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कांग्रेस सांसद ने खुद दी चोट की जानकारी

घटना के बाद शशि थरूर ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर वीडियो साझा कर अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने लिखा कि संसद की सीढ़ियों से उतरते समय एक स्टेप मिस हो गया, जिससे वे गिर पड़े। फिलहाल दर्द बना हुआ है, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि कोई हड्डी टूटी है। थरूर के मुताबिक, टखने में मोच आई है और कुछ उंगलियों पर हल्की चोट लगी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कुछ दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी।

थरूर ने आगे बताया कि गिरने के बावजूद उन्होंने शाम 4 बजे से 7:30 बजे तक अपने आवासीय कार्यालय में कई अहम बैठकें कीं, जिनमें दो राजदूतों के साथ मुलाकात भी शामिल थी। इस दौरान उन्होंने अपने पैर को एक स्टूल पर टिकाकर रखा। उन्होंने यह भी कहा कि वे एहतियात के तौर पर एक्स-रे कराएंगे, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कोई फ्रैक्चर नहीं हुआ है। फिलहाल कुछ जगहों पर दर्द महसूस हो रहा है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।

शायरी के अंदाज में दिया संदेश

एक अन्य पोस्ट में शशि थरूर ने अपने चिर-परिचित शायरी वाले अंदाज में लिखा, “जिस दीये को तूफान में जलना हो, उसे संभल-संभल के चलना होगा। I am okay…” इस संदेश के जरिए उन्होंने साफ किया कि चोट गंभीर नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि गुरुवार को एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद ही चोट की वास्तविक गंभीरता का पता चलेगा।

अखिलेश यादव और अन्य सांसदों का जताया आभार

शशि थरूर ने एक्स पर अखिलेश यादव और इमरान मसूद को टैग करते हुए उनकी तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया। कांग्रेस सांसद ने लिखा कि वे अखिलेश यादव समेत उन सभी सांसदों और लोगों का धन्यवाद करना चाहते हैं, जिन्होंने मुश्किल घड़ी में तुरंत उनकी मदद की। इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी मानवीय संवेदना और आपसी सहयोग की तस्वीर देखने को मिली, जिसकी सोशल मीडिया पर भी सराहना हो रही है।