पटना एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह दिल्ली से पहुंच रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 के सामने लैंडिंग से ठीक पहले पक्षी टकराने की घटना सामने आई। विमान में 164 यात्री सवार थे। घटना के बाद पायलट ने पक्षी के टकराने की आशंका जताई। इसके बावजूद विमान को पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विमान सुबह करीब 7:44 बजे पटना में उतरने वाला था। लैंडिंग से पहले ही पक्षी के विमान से टकराने की सूचना मिली। विमान के रनवे पर पहुंचने के बाद अधिकारियों ने सुरक्षा के लिहाज से रनवे का निरीक्षण किया।
फ्लाइट संचालन पर नहीं पड़ा असरअधिकारी ने बताया कि घटना के कारण पटना एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन बाधित नहीं हुआ। विमान में मौजूद किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं है। रनवे की जांच भी पूरी कर ली गई।
अधिकारी के अनुसार, पक्षियों का विमान से टकराना कोई असामान्य घटना नहीं है। बारिश के मौसम में पक्षियों की गतिविधियां बढ़ने के कारण ऐसी घटनाओं की संभावना रहती है।
एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों और जानवरों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक कमेटी हर महीने निरीक्षण करती है। अधिकारियों के मुताबिक, निरीक्षण के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाती है और उन स्थानों की पहचान की जाती है जहां सफाई की आवश्यकता होती है।
रांची एयरपोर्ट पर ऑक्सीजन सिलेंडर के कारण फ्लाइट में देरीइसी बीच रांची एयरपोर्ट पर रविवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान करीब पांच घंटे की देरी से रवाना हुई। अधिकारी के मुताबिक, बेंगलुरु से रांची पहुंची उड़ान IX 1239 में यात्रा के दौरान एक यात्री को सांस लेने में परेशानी हुई थी। उसे विमान में ही ऑक्सीजन दी गई। रांची पहुंचने के बाद यात्री की हालत ठीक थी और वह अपने घर चला गया।
इसके बाद रांची से बेंगलुरु जाने वाली वापसी की उड़ान IX 1244 के लिए दिल्ली से ऑक्सीजन सिलेंडर मंगवाए गए। एयरपोर्ट डायरेक्टर विनोद कुमार सिंह के अनुसार, उड़ान IX 1239 सुबह करीब 8:55 बजे रांची पहुंची थी, जबकि ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था के बाद वापसी की फ्लाइट IX 1244 करीब पांच घंटे की देरी से दोपहर 1:51 बजे रवाना हुई।