आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले से एक बेहद डरावनी सड़क दुर्घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। चेन्नई-कोलकाता नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ते हुए सड़क से नीचे जा गिरी। इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसे देखकर किसी की भी सांसें थम सकती हैं।
बारिश ने बिगाड़ा संतुलन, हुआ भीषण हादसा
घटना के वक्त इलाके में तेज बारिश हो रही थी, जिससे सड़क फिसलन भरी हो गई थी। वीडियो में साफ नजर आता है कि ड्राइवर शायद बारिश के कारण सामने का दृश्य ठीक से नहीं देख पाया। जैसे ही उसने ब्रेक लगाने की कोशिश की, कार अचानक फिसल गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। इसके तुरंत बाद संतुलन खो चुकी कार सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। ट्रक चालक के पास प्रतिक्रिया देने का समय ही नहीं था और कुछ ही सेकंड में यह भीषण हादसा हो गया। तीन लोग घायल, दो की हालत नाजुक
इस हादसे में कार में सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घायलों की पहचान ओडिशा के गजपति जिले के परलाखेमुंडी निवासी अच्युतानंद (36) और मुकेश पाणिग्राही (35) के रूप में हुई है, जो गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं अमूल्य पात्रो (44) को हल्की चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि ये सभी लोग पुरी के जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। उसी दौरान रविवार शाम भारी बारिश के बीच उनकी कार श्रीकाकुलम जिले के पलासा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।