वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने गुवाहाटी में लगाई छक्कों की बारिश, बुमराह-बोल्ट भी नहीं बचे

IPL 2026 का 13वां मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया। बारिश की वजह से मैच में देरी हुई, लेकिन टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस ने पहले गेंदबाजी का विकल्प चुना। राजस्थान को पहले बल्लेबाजी का मौका मिला और टीम के ओपनर्स यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने आग उगलते हुए शानदार शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने पहले ही ओवर से चौकों और छक्कों की झड़ी लगा दी।

वैभव और जायसवाल ने दी राजस्थान को जोरदार शुरुआत


जायसवाल ने पहले ही ओवर में दीपक चाहर के खिलाफ 22 रन की तूफानी शुरुआत की। दूसरे ओवर में वैभव सूर्यवंशी जसप्रीत बुमराह पर कहर बनकर टूटे। इस ओवर में उन्होंने केवल पांच गेंदों का सामना किया और दो छक्कों सहित 13 रन बनाए। वैभव ने अपने पहले शॉट से ही बुमराह की गेंदबाजी को चुनौती दी। चौथी गेंद पर भी वैभव ने जबरदस्त छक्का लगाया। बुमराह ने ओवर में गेंद की गति और वेरिएशन बदलने की पूरी कोशिश की, लेकिन वैभव ने उन्हें मात देते हुए 14 रन खर्च कराए।
पहले विकेट तक 80 रन की धमाकेदार साझेदारी

यशस्वी और वैभव ने मिलकर पांच ओवर में ही टीम के स्कोर को 80 रन तक पहुंचा दिया। लेकिन इसी स्कोर पर राजस्थान को पहला झटका लगा। वैभव सूर्यवंशी 14 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट शार्दुल ठाकुर ने लिया। इस पारी में वैभव ने 1 चौका और 5 छक्के जड़े। बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह बाउंड्री पर तिलक वर्मा के हाथों कैच आउट हुए। वैभव के आउट होने के तुरंत बाद ध्रुव जुरेल 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

मुंबई ने किए प्लेइंग XI में दो बदलाव


इस मैच के लिए मुंबई इंडियंस ने अपनी प्लेइंग XI में दो बदलाव किए। कप्तान हार्दिक पांड्या, जिन्होंने दिल्ली के खिलाफ पिछला मैच बीमार होने के कारण नहीं खेला था, इस मैच में लौटे। इसके अलावा ट्रेंट बोल्ट को भी इस मैच में शामिल किया गया। वहीं राजस्थान रॉयल्स ने बिना किसी बदलाव के अपनी वही मजबूत टीम उतारी। बारिश के कारण यह मुकाबला 11-11 ओवर का छोटा प्रारूप खेला गया।