मैं हमेशा 120% देने की कोशिश करता हूं, विराट कोहली ने मैच विजयी पारी के बाद कही दिल की बात

IPL 2026 के पहले ही मुकाबले में विराट कोहली ने अपने बल्ले से धमाका कर दिया। आरसीबी और एसआरएच के बीच खेला गया यह मैच विराट के लिए यादगार साबित हुआ। उन्होंने केवल 38 गेंदों में नाबाद 69 रन की पारी खेली और आरसीबी को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मैच के बाद विराट ने अपनी पारी और फॉर्म को लेकर अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने बताया कि ब्रेक के दौरान तरोताजा होकर लौटने से उनके खेल में सुधार हुआ। इस मुकाबले में विराट ओपनिंग करने फिल साल्ट के साथ उतरे और अंत तक नाबाद रहे।

SRH के खिलाफ शानदार पारी पर विराट की प्रतिक्रिया

मैच जीतने के बाद विराट कोहली ने कहा कि यहाँ वापस आकर खेलना शानदार अनुभव रहा। पिछले साल आईपीएल फाइनल खेला था, लेकिन हाल ही में वनडे सीरीज में बल्लेबाजी ने मुझे अपनी लय पाने में मदद की। मैं अब वह शॉट्स खेल रहा हूं, जो आम तौर पर मेरी खासियत हैं। मुझे पता है कि मेरी फॉर्म अच्छी है और फिटनेस पर मेहनत भी की है, इसलिए प्रदर्शन अच्छा रहा। हमारे पास शानदार शुरुआत का मौका था और हमने उसका फायदा उठाया।
सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेलने पर विराट ने कही बड़ी बात

विराट से यह भी सवाल पूछा गया कि क्या केवल एक ही फॉर्मेट में खेलना उनके लिए चुनौती है। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि पिछले 15 सालों में जिस तरह का शेड्यूल रहा है और हमने इतनी क्रिकेट खेली है, मेरे लिए थकान का जोखिम ज्यादा था न कि तैयारी की कमी। इस ब्रेक ने मुझे मानसिक और शारीरिक रूप से तरोताजा होकर वापसी में मदद की।

मैं हमेशा 120% देने की कोशिश करता हूं – विराट कोहली


विराट ने आगे कहा, जब भी मैं खेल में आता हूं, मैं हमेशा 120 प्रतिशत देने की कोशिश करता हूं। कभी भी बिना तैयारी के मैदान में नहीं उतरता। एक्स्ट्रा ब्रेक ने मुझे मानसिक रूप से तरोताजा होने का मौका दिया। जब आप शारीरिक और मानसिक रूप से फुर्तीले रहते हैं, तो टीम के लिए योगदान देना आसान होता है और यही हर खिलाड़ी चाहता है।