'टेंशन मत लो, मैं संभाल लूंगा', वैभव सूर्यवंशी ने पहले ही बुमराह को लेकर कर दिया था बड़ा ऐलान; देखें VIDEO

IPL 2026 में 14 मुकाबले पूरे हो चुके हैं, लेकिन इस पूरे सीजन में जिस एक खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं, वह हैं राजस्थान रॉयल्स के सिर्फ 15 वर्षीय ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी। बेहद कम उम्र में उन्होंने अपने निडर और विस्फोटक अंदाज से क्रिकेट जगत को चौंका दिया है।

मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वैभव ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 14 गेंदों में 39 रन ठोक दिए थे। उनकी इस पारी में 1 चौका और 5 लंबे छक्के शामिल रहे। खास बात यह रही कि इनमें से 2 छक्के उन्होंने दुनिया के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में गिने जाने वाले जसप्रीत बुमराह के खिलाफ लगाए, जिसके बाद उनकी चर्चा और भी तेज हो गई। इस प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि वैभव बड़े नामों से बिल्कुल भी नहीं घबराते।

अब फैंस के बीच बुमराह और वैभव की इस भिड़ंत को लेकर काफी उत्सुकता थी, और मैदान पर जब यह आमना-सामना हुआ तो 15 साल का यह युवा बल्लेबाज आत्मविश्वास के साथ खेलता नजर आया और अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित करने में सफल रहा। इसी बीच राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी का एक पुराना वीडियो साझा किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्होंने पहले ही बुमराह को लेकर ऐसा बयान दिया था, जिसने अब सबका ध्यान खींच लिया है।
‘आप उसका टेंशन मत लो, मैं देख लूंगा’

राजस्थान रॉयल्स द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में वैभव सूर्यवंशी नेट्स की ओर जाते नजर आते हैं। इसी दौरान पीछे से कोई व्यक्ति उनसे कहता है कि सामने वाली टीम में दुनिया का सबसे बेहतरीन गेंदबाज है, जिसे स्विंग का किंग कहा जाता है—यह इशारा साफ तौर पर जसप्रीत बुमराह की ओर था।

इस पर वैभव बिना किसी झिझक के मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं, “आप उसका टेंशन मत लो, मैं देख लूंगा।” उनका यह आत्मविश्वासी जवाब अब फैंस के बीच काफी वायरल हो रहा है।

दिलचस्प बात यह रही कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में वैभव ने अपने शब्दों को मैदान पर भी साबित किया। उन्होंने बुमराह के ओवर में बेखौफ होकर खेल दिखाया और उनकी 5 गेंदों पर 2 शानदार छक्कों की मदद से 13 रन बटोरे, जिससे उनकी निडर बल्लेबाजी की झलक साफ दिखाई दी।

अब RCB के खिलाफ बड़े मुकाबले पर नजरें

आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने अब तक शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने तीनों मुकाबले जीत लिए हैं। टीम का आत्मविश्वास इस समय चरम पर है और वह लगातार जीत की लय बनाए हुए है।

अब उनका अगला मुकाबला 10 अप्रैल को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है क्योंकि एक तरफ युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी होंगे और दूसरी तरफ अनुभवी विराट कोहली।